भिवानी। टीआईटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने शुक्रवार को निरीक्षण कर डिजिटल मूल्यांकन कार्य का निरीक्षण किया। मूल्यांकन केंद्र में मूल्यांकन करने वाले अध्यापकों से डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली के बारे में भी बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने चर्चा की। बोर्ड अध्यक्ष ने डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली के फायदे बताएं और अध्यापकों से इस बारे में अपने सुझाव भी मांगे।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डाॅ. वीपी यादव ने बताया कि आईटीआई मूल्यांकन केंद्र में निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांची गई हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रयोग करके इसे और अधिक उन्नत बनाया जाएगा। इससे अध्यापकों का कार्य पहले से अधिक आसान और सुलभ हो जाएगा जिससे समय भी बचेगा।
इस दौरान टीआईटी स्कूल के प्राचार्य डीपी कौशिक ने बोर्ड अध्यक्ष को मिले गोल्डन स्कॉच अवाॅर्ड के लिए उनका फूल मालाओं से अभिवादन किया। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षाओं में नकल को रोकने के लिए क्यूआर कोड व अल्फा न्यूमेरिक कोड की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई और बोर्ड को प्रतिष्ठित संस्था द्वारा गोल्डन स्कॉच अवाॅर्ड से सम्मानित किया। इस अवसर पर प्राचार्य डीपी कौशिक, सुखबीर सिंह, सुरेश कुमार, दिनेश कुमार, अमित मौजूद रहे। संवाद