हांसी की अनाज मंडी के प्रतिष्ठान पर परिवर्तन निदेशालय की रेड पड़ी। रेड सुबह 7:00 बजे पड़ी। इनोवा गाड़ी में सवार होकर टीम यहां पर पहुंची। टीम के साथ सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद हैं। रेड माइनिंग के मामले से जोड़कर बताई जा रही है। इस मामले में बीते वर्ष भी कांग्रेसी नेता स्वर्गीय सुरेंद्र मलिक के आवास पर भी रेड डाली गई थी।
मामले में टीम ने अनाज मंडी में 103 नंबर दुकान में रामबिलास सिंगला के कार्यालय पर रेड मारी है। सिंगला आढ़ती का काम भी करते हैं। इनकी माइनिंग में भी हिस्सेदारी बताई जा रही है। मामले की सूचना पर व्यापारी नेता भी वहां पहुंचना शुरू हो गए। सर्व व्यापार मंडल के प्रधान बजरंग बंसल ने बताया कि आढ़ती की तरफ से जांच में सहयोग किया जा रहा है। सिंगला कोई गलत काम नहीं करते हैं, इसलिए रेड का कोई डर नहीं है।
प्रवर्तन निदेशालय की तीन टीमों ने हिसार में दो कारोबारियों के तीन स्थानों पर छापेमारी की है। जिसमें महिंद्रा शोरूम के संचालक संजय गुप्ता के घर तथा शोरूम पर छापेमारी की गई है। अग्रसेन भवन ट्रस्ट के प्रधान अंजनी खरियावाले के आवास पर छापेमारी की गई है। तीनों स्थानों पर सुबह 7 बजे से ईडी की टीम जांच कर रही है।
बता दें महिंद्रा शोरूम को फिलहाल संजय गुप्ता संभालते हैं। इनके पिता रामभगत गुप्ता इनेलो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। महिंद्रा शोरूम पर 24 जून को बदमाशों ने 35 राउंड फायरिंग की थी। बदमाशों ने शोरूम में पर्ची फेंक कर 5 करोड़ की रंगदारी मांगी थी। इस घटना के बाद संजय गुप्ता के शोरूम पर पुलिस बल तैनात किया गया था। संजय गुप्ता से मिलने स्वास्थ्य मंत्री डॉ.कमल गुप्ता, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, सांसद जयप्रकाश, इनेलो प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला उनके आवास पर पहुंचे थे।