भिवानी। किसान संगठनों की दशहरे पर पुतला दहन की चेतावनी और त्योहार पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने जिलेभर में नाकेबंदी की तैयारी की है। पुलिस दशहरा पर्व पर 14 व 15 अक्तूबर को लगातार दो दिनों तक 29 स्पेशल पुलिस नाके लगाएगी। इसी के साथ 21 पुलिस राइडर चप्पे चप्पे पर कड़ी निगरानी करेंगे।
पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा की दृष्टि से सतर्कता बढ़ा दी है और सभी पुलिस थाना प्रबंधकों के साथ-साथ चौकी इंचार्ज को भी अपने इलाके में अलर्ट रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इतना ही नहीं सेठ किरोड़ीमल पार्क में रावण पुतला दहन कार्यक्रम को लेकर डीएसपी के नेतृत्व में स्पेशल टीम का गठन किया गया है, जो यहां पर व्यवस्था संभालेगी।
पुलिस प्रशासन की तरफ से त्योहारी सीजन में बाजार में व्यवस्था बनाने और जिले भर में सुरक्षा को और पुख्ता बनाने के लिए नाकेबंदी की जाएगी। प्रत्येक पुलिस नाके पर एक-चार की तैनाती की जाएगी यानी एक इंचार्ज और चार सुरक्षा कर्मी होंगे। नाकों के अलावा पुलिस राइडर भी अपने निर्धारित रूट पर लगातार गश्त पर रहेगी। इसके लिए जिले भर में 21 पुलिस राइडर को अलर्ट किया गया है।
जिलेभर में इन स्थानों पर लगेंगे पुलिस के नाके
अनाज मंडी पुलिस चौकी भिवानी, दिनोद गेट चौक भिवानी, घंटाघर चौक भिवानी, हांसी गेट चौक भिवानी, रोहतक गेट चौक भिवानी, भगत सिंह चौक भिवानी, सेक्टर 13 हुडा मार्केट भिवानी, कृष्णा कॉलोनी चौक भिवानी, रेलवे स्टेशन रोड भिवानी, नया बस स्टैंड रोहतक रोड भिवानी, देवीलाल चौक लोहारू रोड भिवानी, मिनी बाईपास टी प्वाइंट भिवानी, तोशाम बाईपास जेल के सामने भिवानी, तिगड़ाना मोड़ भिवानी, सुरेंद्र सिंह चौक तोशाम, बंसीलाल चौक तोशाम, ईशरवाल चौक तोशाम, तहसील कार्यालय के सामने सिवानी, टी प्वाइंट तोशाम रोड सिवानी, बस स्टैंड के सामने बहल, पुलिस थाने के सामने लोहारू, ढिगावा बस स्टैंड के सामने ढिगावा मंडी, रेलवे स्टेशन के सामने लोहारू, मुुंढाल चौक मुंढालकलां, बाढड़ा चौक जूईकलां, नागरिक अस्पताल बवानीखेड़ा, गांव जमालपुर मार्केट, चांग बस स्टैंड, खरक बस स्टैंड
यह रहेगा ड्यूटी शेडयूल
पुलिस नाकों पर 14 व 15 अक्तूबर को रोजाना सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे और फिर शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक कर्मचारी नाके पर तैनात रहेंगे। प्रत्येक नाके पर एक-चार के हिसाब से कर्मचारियों की तैनाती दी गई है।
कानून व्यवस्था में करें सहयोग
त्योहार पर सुरक्षा की दृष्टि से जिलेभर में 29 पुलिस नाके लगाए गए हैं। नाकों पर पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे। लोगों से भी अपील की गई है कि दशहरा पर्व पर आपसी सौहार्द से त्योहार मनाएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का भी पूरा सहयोग करें।
-अजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक भिवानी।