बारिश के बाद दिनोद गेट रोड से गुजरते वाहन चालक।
भिवानी। शहर में मंगलवार दोपहर को अचानक मौसम बदल गया और रिमझिम बारिश ने आधे शहर का मिजाज ही बदल दिया। पिछले दो दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोग रविवार सुबह से ही गर्मी से जूझ रहे थे। लेकिन मंगलवार दोपहर एक बजे के बाद आसमान में बादल छा गए और शुरू हुई कुदरत की खूबसूरत बारिश।
बारिश के दौरान शहर के कुछ हिस्सों में हल्की रिमझिम आई जबकि बाहरी इलाके सूखे ही रहे। बारिश के बाद लोगों ने ठंडी हवा का आनंद लिया और घरों से बाहर निकलकर बाजारों में खरीददारी की। त्योहारी सीजन के चलते शहर के बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही। हालांकि बारिश ज्यादा समय तक नहीं रही, फिर भी हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को सुहावना बना दिया।
मौसम विभाग के अनुसार तोशाम क्षेत्र के कुछ गांवों में भी दोपहर बाद तेज बारिश हुई। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने जिले में आगामी 2, 3, 5 और 6 अक्तूबर को बारिश की संभावना भी जताई है।