तोशाम। क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए करीब 40.50 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इन योजनाओं से गांवों और ढाणियों तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाने का काम किया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने इसके लिए सिंचाई एवं जल संसाधन तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी का आभार जताया है।
भाजपा तोशाम संयोजक एडवोकेट हरी सिंह सांगवान, ब्लॉक समिति वाइस चेयरमैन सुनील भारीवास, राजकुमार जांगड़ा ने कहा कि श्रुति चौधरी की पहल से क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने बताया कि गांव कुसुंभी में 2 करोड़ 57 लाख रुपये से जलघर में नई संरचनाओं का निर्माण और पंप हाउस से जलघर तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी। मालवास देवसर और मालवास कोहाड़ में 4 करोड़ 67 लाख 85 हजार रुपये से नए जलघर का निर्माण तथा जूई कैनाल से पाइप लाइन बिछाने का कार्य होगा।
बागनवाला में 23 लाख रुपये से अधिक की लागत से ढाणियों तक पेयजल पाइप लाइन पहुंचाई जाएगी। ढाब ढाणी में 3 करोड़ 71 लाख रुपये से अधिक की लागत से जलापूर्ति योजना का सुधारीकरण, अतिरिक्त संरचनाओं का निर्माण और नई पाइप लाइनें बिछाई जाएंगी। दरियापुर में 20 लाख रुपये से अधिक, हेतमपुरा में 2 करोड़ 15 लाख 48 हजार रुपये से अधिक की लागत से पेयजल योजनाओं पर काम होगा।
जूई कलां में 7 करोड़ 78 लाख रुपये से अधिक और कैरू प्रथम व द्वितीय में 7 करोड़ 37 लाख रुपये से अधिक की लागत से जलापूर्ति योजनाओं का नवीनीकरण व जलघर का अपग्रेडेशन किया जाएगा। जगबीर पंघाल, बबली पंघाल, सुशीला, चावली, सुदेश, शीला, नवीन, प्यारे (बागनवाला), राजबीर नंबरदार थिलौड़, आजाद सांगवान सिढान, धर्म सिंह धानक सिढान, उमेद सिहाग सिढान, ईश्वर नुनिया मंढान, जगमाल सांगवान खावा, राजबीर सरपंच निगाना कलां, सतीश निगाना खुर्द, ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक घर तक स्वच्छ और निर्बाध पेयजल पहुंचाना है। परियोजनाओं के पूरा होने के बाद गांवों और ढाणियों में पेयजल व्यवस्था और बेहतर होगी।
इन गांवों में भी होंगे पेयजल सुधार कार्य
खावा में 24 लाख 63 हजार रुपये से अधिक की लागत से ढाणियों तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी। मंढान में 67 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की लागत से पाइप लाइन डाली जाएगी। निगाना कलां में 2 करोड़ 34 लाख 24 हजार रुपये से अधिक और निगाना खुर्द में 3 करोड़ 4 लाख रुपये से अधिक की लागत से जलापूर्ति योजनाओं का नवीनीकरण होगा। सिढान में 4 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक की लागत से नई पाइप लाइनें बिछाई जाएंगी। थिलौड़ में 1 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की लागत से पंपिंग मशीनरी बदली जाएगी और नई पाइप लाइनें लगाई जाएंगी।