भिवानी। बजट 2024-25 में उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल पर दोहरीकरण परियोजनाओं के लिए 240 करोड़ रुपये का बजट आवंटन हुआ है। रेवाड़ी-बठिंडा रेल मार्ग पर मानहेरू-बवानीखेड़ा स्टेशनों के मध्य 31.50 किलोमीटर रेल मार्ग के दोहरीकरण के लिए 40 करोड़ रुपये का बजट आवंटन हुआ है।
इस कार्य की अनुमानित लागत 413.09 करोड़ रुपये है। इस मार्ग पर रेवाड़ी से मानहेरू तक 69.02 किलोमीटर के रेल मार्ग का पहले ही दोहरीकरण हो चुका है। इनके अतिरिक्त रोहतक-भिवानी रेल मार्ग पर बीकानेर मंडल के भिवानी और उत्तर रेलवे के रोहतक स्टेशन के पास डोभ बहाली स्टेशनों के मध्य 471.06 करोड़ रुपये की लागत से दोहरीकरण का कार्य भी बजट में स्वीकृत हुआ है। बीकानेर रेल मंडल के मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक केके नायर ने बताया कि बीकानेर रेल मंडल के दोहरीकरण परियोजनाओं के लिए मिला 240 करोड रुपये का बजट मंजूर हुआ है। इसमें भिवानी जिले को भी सौगात मिली है।