भिवानी। वर्ष 2026-27 में कक्षा छठी में पढ़ने वाले अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं के लिए जिला स्तरीय साइकिल खरीद मेला 26 अगस्त को सुबह 10 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी में आयोजित किया जाएगा।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी शिव कुमार तंवर ने बताया कि मेले में पात्र विद्यार्थियों को मुफ्त साइकिल प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन गांवों में मिडिल स्कूल नहीं है और गांव से मिडिल या हाई स्कूल की दूरी दो किलोमीटर या उससे अधिक है वहां पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिलेगा।
इसका उद्देश्य दूर-दराज के विद्यार्थियों को स्कूल में नियमित रूप से बनाए रखना है। विभाग ने साइकिल खरीद के लिए दरें निर्धारित की हैं। 20 इंच की साइकिल की कीमत जीएसटी और कर सहित 2800 रुपये तथा 22 इंच की साइकिल की कीमत 3000 रुपये निर्धारित की गई है।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने जिले में साइकिल बेचने वाले दुकानदारों, डीलरों और निर्माताओं से निर्धारित तिथि और समय पर अपने साइकिल मॉडल लेकर मेले में पहुंचने की अपील की है। पात्र छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से भी मेले में अपने बच्चों के लिए साइकिल का चयन करने का अनुरोध किया।