रोहतक गेट स्थित सब्जी मंडी में जमा बारिश का पानी और फैली गंदगी।
भिवानी। दो दिन पूर्व हुई बारिश के बाद रोहतक गेट स्थित सब्जी मंडी में निचले क्षेत्र में भी अभी पानी जमा है। इसके कारण वहां पर गंदगी का आलम है। सब्जी मंडी के गेट नंबर 2, दुकान नंबर 34 के समीप परिसर में गंदा व बारिश का पानी जमा है।
स्थानीय सब्जी मंडी निवासी व व्यापारी हेमंत सैनी, दुलीचंद, घनश्याम, हैप्पी बजाज, सोनू गुर्जर, विक्रम, पुरुषोत्तम दास आदि ने बताया कि सब्जी मंडी के अंदर पानी की निकासी के लिए कोई भी व्यवस्था नहीं है। इसके कारण पानी निचले क्षेत्र में जमा हो जाता है।
उन्होंने कहा कि पानी जमा होने से जहां उनका काम प्रभावित हो रहा है, वहीं मंडी में बीमारियां फैलने का भी भय बना रहता है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान को लेकर वे कई बार मंडी प्रशासन, नगर परिषद व जिला प्रशासन को अवगत करवा चुके हैं लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई।
शहर में जहां-जहां भी जलभराव की समस्या है वहां पर पानी निकासी के लिए प्रबंध किए जा रहे हैं। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
-सुनील रंगा, कार्यकारी अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग, भिवानी।