भिवानी। डीसी महावीर कौशिक ने कहा कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की तत्काल सूचना देने के लिए डायल 1930 करें ताकि नुकसान से बचा जा सके। ऐसे मामलों की सूचना देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
डीसी ने कहा कि पिछले कुछ सालों से लोगों में ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते क्रेज के कारण अक्सर लोग सोशल मीडिया पर बंपर डिस्काउंट, लॉटरी या फिर इनामी विज्ञापनों के झांसे में आ जाते हैं। ऐसे में पहले यह सुनिश्चित कर लें कि इस्तेमाल की जा रही वेबसाइट सुरक्षित है या नहीं।
उन्होंने कहा कि अगर संभव है तो कोशिश करें कि ऑनलाइन साइट्स से सामान मंगवाते समय कैश ऑन डिलीवरी का ऑप्शन चुनें ताकि आपकी बैंक और कार्ड डिटेल साइबर अपराधियों के हाथ न लग सकें।
डीसी ने कहा कि यदि फिर भी किन्ही कारणों से आपके साथ किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है तो आप सबसे पहले हेल्पलाइन नंबर 1930 डायल करें और अपनी शिकायत को साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज करें। उन्होंने कहा कि पीड़ित व्यक्ति साइबर क्राइम की वेबसाइट cybercrime.gov.in पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।