सेक्टर मोड़ पर बस का इंतजार करते विद्यार्थी ।
भिवानी। शहर के कॉलेज मोड़ पर रोडवेज अधिकारियों के आदेशों के बावजूद भी बसें नहीं रुक रही हैं। इससे कॉलेज और यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बसें रुकवाने के लिए विद्यार्थियों की ओर से यहां पर तीन से चार बार जाम भी लगाया जा चुका है। लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है।
दरअसल, शहर के कॉलेज मोड पर राजकीय आईटीआई, राजकीय महाविद्यालय, महिला महाविद्यालय व यूनिवर्सिटी कैंपस में आने जाने वाले सभी विद्यार्थी बस स्टैंड पर जाने के लिए यहीं से सवार होते हैं। लेकिन यहां पर रोडवेज व प्राइवेट बस चालक विद्यार्थियों को देखकर बसों को मुख्य चौक के बजाय आगे पीछे रोकते हैं। ज्यादातर बस चालक तो यहां पर बसों को रोकते ही नहीं है।
बसें आगे पीछे रोकने के कारण विद्यार्थी बसों के पीछे भागते हैं। जिससे काफी गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। वहीं यहां पर बसों के ठहराव के लिए विद्यार्थियों द्वारा तीन से चार बार जाम भी लगाया जा चुका है। रोडवेज अधिकारियों द्वारा बस चालकों को यहां बसें रोकने के आदेश भी दिए गए हैं। लेकिन फिर भी बसें नहीं रुक रही हैं। इससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलेज मोड़ पर बसें रोकने के लिए बस चालकों को आदेश दिए गए हैं। यदि कोई चालक ऐसा नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- दीपक कुंडू, जीएम, भिवानी डिपो।