भिवानी। रेलवे स्टेशन के पास अवैध अतिक्रमण और झुग्गी-झोपड़ी हटाकर लड़कियों के लिए 12वीं तक का विद्यालय बनाने की मांग के लिए रेल अंडरपास महापंचायत ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
महापंचायत के प्रधान शिवकुमार गोठवाल और महासचिव सुखबीर सिंह चौहान ने बताया कि जिला परिषद की भूमि पर पहले पशु मेला लगता था। मेला बंद होने के बाद इस भूमि पर दूरदर्शन केंद्र, ईएसआई अस्पताल, पंचायत कार्यालय और कंज्यूमर कोर्ट भवन बने। शेष भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर झुग्गी झोपड़ी बना ली, जिससे क्षेत्र में लूटपाट और छीना-झपटी जैसी घटनाएँ बढ़ रही हैं।
महापंचायत ने मांग की कि अवैध कब्जा हटाकर इस भूमि पर लड़कियों के लिए सरकारी स्कूल बनवाया जाए। 60 हजार की आबादी वाले लाइनपार क्षेत्र में लड़कियों के लिए कोई स्कूल नहीं है, जिससे उन्हें रोजाना रेलवे लाइन पार कर खतरे में स्कूल जाना पड़ता है। उपायुक्त ने शिष्टमंडल से बातचीत के बाद बताया कि मामला प्रशासन के संज्ञान में है और कार्यवाही जारी है। भूमि की पैमाइश कराई जा चुकी है और रिपोर्ट मिलने पर अवैध कब्जे तुरंत हटाए जाएंगे। इस अवसर पर रामशरण ठेकेदार, सुखबीर सिंह चौहान, रमेश वर्मा, मनीष बंसल और रोहतास वर्मा मौजूद रहे।