भिवानी। प्रेमनगर में बीबीएमबी के पास बस हादसे में तीन यात्रियों की मौत के मामले में पांच गांवों की पंचायतें एकजुट हो गई हैं। बुधवार को ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने डीसी से मुलाकात कर मृतकों के आश्रितों को कम से कम 20-20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बीते शुक्रवार शाम प्रेमनगर के पास निजी परमिट वाली बस पलटने से प्रेमनगर, लुहारी जाटू और हांसी निवासी एक-एक यात्री की मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने हादसे के लिए चालक की लापरवाही और तेज गति को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद मृतकों के परिवारों के सामने आजीविका और गुजर-बसर का संकट खड़ा हो गया है। ज्ञापन सौंपने वालों में लुहारी जाटू के सरपंच मुकेश, प्रेमनगर के सरपंच राजेश कुमार, मंढ़ाना के सरपंच प्रतिनिधि संजय, पुर के सरपंच प्रतिनिधि अजय, जिला परिषद पार्षद सोमेश, पूर्व सरपंच जयदेव लुहारी जाटू और पूर्व सरपंच बबलू जाटू लुहारी शामिल रहे।
पंचायत में लिए गए ये फैसले
प्रेमनगर के सरपंच राजेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को लुहारी जाटू में आसपास के गांवों की संयुक्त पंचायत हुई थी। इसमें मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना के बाद पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने और बसों का संचालन सर्विस रोड से सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया गया। पंचायत ने सभी निर्धारित स्टॉपेज पर बसों का ठहराव और यात्रियों के साथ चालकों व परिचालकों का सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बस का परमिट रद्द करने का प्रस्ताव पारित किया गया। राजेश कुमार के अनुसार डीसी ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख दिखाया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द पीड़ित परिवारों को राहत दिलाएगा।