भिवानी। गांव ढाणा लाडनपुर रोड पर स्थित सिद्धार्थ नगर में विभिन्न मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर रविवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जनकल्याण समिति की बैठक का आयोजन सिद्धार्थ नगर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता हवासिंह यादव ने की। बैठक में स्वच्छ पेयजल, सड़क, सीवरेज सहित सिद्धार्थ नगर को स्वीकृत करवाने के मुद्दों पर विस्तृत रूप से चर्चा हुई।
इसके बाद सर्वसम्मति से उपरोक्त समस्याओं से विधायक घनश्याम सर्राफ को अवगत करवाने पर सहमति बनी तथा समिति के पदाधिकारियों ने विधायक घनश्याम सर्राफ को मांगपत्र सौंपकर सिद्धार्थ नगर की स्वच्छ पेयजल, सीवरेज, अप्रूवल सहित अन्य मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर शिक्षक रामअवतार सिंह व श्रीभगवान सोनी ने कहा कि ढाणा लाडनपुर रोड पर स्थित सिद्धार्थ नगर को बसे 16 वर्ष से भी अधिक का समय हो गया। यहां पर करीबन 50 घरों की आबादी है, लेकिन अभी तक इसे स्वीकृत कॉलोनियों में शामिल नहीं किया गया, जिसके चलते यहां पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि उपरोक्त समस्या के समाधान की गुहार कई बार क्षेत्रवासियों द्वारा लगाई जा चुकी है, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने विधायक से मांग की कि उपरोक्त मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष महाबीर सिंह बराड़, धर्मवीर सिंह सचिव, सुखपाल यादव, राजेश कुमार, कमल किशोर, मुकेश कुमार, धनपत, संदीप प्रजापत, अनिल कुमार, सुमित्रा, लक्ष्मी देवी, केला देवी, सुनीता देवी, अनिता देवी मौजूद रहे।