भिवानी के विश्वस्तरीय मुक्केबाजी मुकाबले में पदक विजेता सचिन सिवाच।
भिवानी। ब्राजील में चल रहे विश्व मुक्केबाजी कप में भिवानी जिले के गांव मिताथल निवासी सचिन सिवाच ने पहले मुकाबले में कांस्य पदक जीता है। सचिन सिवाच का अब अगला मुकाबला कजाकिस्तान में होगा।
बता दें कि पेरिस ओलंपिक के बाद पहली बार आयोजित होने वाली इस विश्व मुक्केबाजी कप में जूनियर खिलाड़ी सचिन सिवाच ने यह पहली जीत हासिल की है। विश्व मुक्केबाजी कप में भारतीय पुरुष मुक्केबाजी टीम की दस सदस्यीय टीम शामिल हो रही है। इसमें भिवानी के दो मुक्केबाज शामिल हैं। जिनमें मिताथल का सचिन सिवाच और दूसरा जुगनू है। 60 किलो भार वर्ग में सचिन सिवाच की इस उपलब्धि पर परिजनों ने भी खुशी जताई है।
टी-20 क्रिकेट में टिटौली ने तिगड़ाना को हराया
संवाद न्यूज एजेंसीभिवानी। रणजी खिलाड़ी स्व. अमित वशिष्ठ की याद में गांव रेवाड़ी खेड़ा स्थित ठाकुर आजाद सिंह स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में 11 दिवसीय टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट दूसरे दिन भी जारी रहा। दूसरे दिन भी रोचक मुकाबले देखने को मिले। वहीं टिटौली ने तिगड़ाना को पांच विकेट से हराया। रविवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ फाउंडेशन के अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने टॉस करके करवाया। इस दौरान पहला मैच टिटोली व तिगड़ाना की टीम के बीच खेला गया। तिगड़ाना की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवरों में 151 रन का लक्ष्य दिया। तिगड़ाना की तरफ से सर्वाधिक स्कोर संगीत शर्मा ने 46 गेंद पर 63 व सचिन ने 31 बॉल पर 35 रन बनाए। स्कोर का पीछा करते हुए टिटोली की टीम ने 14.3 ओवरों में मैच जीत लिया। टिटौली की तरफ से पुनीत ने 31 गेंदों पर 83 रन की धुआंधार पारी खेलकर अपनी टीम को पांच विकेट से जीत दिलाई। वहीं दूसरा मैच चांग स्टार क्लब व हालुवास हुरिकन के बीच हुआ। जिसका शुभारंभ ठाकुर आजाद सिंह क्रिकेट अकादमी के संचालक विजय कुमार टीटू व एनआईएस कोच संजय चहल ने किया। इस मौके पर फाउंडेशन के अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने कहा कि जीवन में मनोबल के साथ ही आगे बढ़ा जा सकता है। यदि मनोबल के दम पर आगे बढ़ोगे तो कामयाबी मिलेगी। उन्होंने कहा कि खेलों का जीवन में बहुत महत्व है। खेलों से शरीर फिट होता है और शरीर फिट होने पर दिमाग फिट होता है। ऐसे में जो व्यक्ति शरीर व दिमाग से फिट होगा, वहीं व्यक्ति अपने समाज व देश के प्रति जिम्मेदारी को सही से निभाता है।