भिवानी। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में कूदे 17 प्रत्याशियों का फैसला मंगलवार दोपहर बाद तक हो जाएगा। भिवानी के शिक्षा बोर्ड मुख्यालय के स्ट्रॉन्ग रूम के समीप ही चार विधानसभा क्षेत्रों की 17 राउंड में मतगणना होगी। तिहरे सुरक्षा घेरे में मतगणना केंद्र को लिया गया है। वहीं एक ही मुख्य द्वार से सभी को पहचान पत्र के जरिए प्रवेश मिलेगा।
भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र के भिवानी, लोहारू, तोशाम के अलावा हिसार संसदीय क्षेत्र के बवानीखेड़ा विधानसभा की भी मतगणना शिक्षा बोर्ड मुख्यालय पर बनाए केंद्र पर ही होगी। जबकि चुनावी नतीजों की घोषणा इस बार नारनौल जिला मुख्यालय पर जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से की जाएगी। सोमवार को उपायुक्त नरेश नरवाल और पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने शिक्षा बोर्ड में चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना केंद्रों का निरीक्षण कर अंतिम तैयारियों का जायजा लिया। वहीं मतगणना केंद्र को 500 जवानों द्वारा सुरक्षा घेरे में लिया गया है। सुबह आठ बजे से मतगणना आरंभ हो जाएगी।
हिसार से अलग होने के बाद 22 दिसंबर 1972 को भिवानी अलग जिला बनाया गया था। 2008 में भिवानी के साथ महेंद्रगढ़ को भी जोड़ भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र बना। इसमें नौ विधानसभा आती हैं। इस संसदीय क्षेत्र से तीन बार चौ. बंसीलाल सांसद रह चुके हैं। वहीं उनके बेटे चौधरी सुरेंद्र सिंह दो बार सांसद बने हैं। इसके बाद बंसीलाल की पौती श्रुति चौधरी भी यहां से एक बार सांसद रही है।
पिछले दो लोकसभा चुनावों से चौ. धर्मबीर सिंह ही भाजपा से भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा से सांसद चुनते आ रहे हैं। अब चौधरी धर्मबीर सिंह जीत की हैट्रिक की उम्मीद कर रहे हैं। वहीं उनके सामने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से राव दान सिंह भी मजबूत दावेदारी में हैं। दोनों के बीच ही संसदीय क्षेत्र में कांटे की टक्कर बनी है। हालांकि मैदान में अन्य उम्मीदवारों की इस बार जमानत जब्त की नौबत बनी है। भिवानी-मतहेंद्रगढ़ हॉट सीट इसलिए भी है क्योंकि यहां से तीन लालों के लाल बंसीलाल, भजनलाल और देवीलाल परिवार से अजय सिंह चौटाला, कुलदीप बिश्नोई और सुरेंद्र सिंह भी चुनाव लड़ चुके हैं और सांसद भी बने हैं। प्रदेश की राजनीति में भिवानी को दिल्ली की राजनीति का गढ़ भी माना जाता है। अब जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा, यह इंतजार बस चंद घंटों का ही बचा है।
मतगणना केंद्र के आसपास बंद नहीं होगा कोई भी रूट
इस बार शिक्षा बोर्ड मतगणना केंद्र में मंगलवार को मतों की गिनती को लेकर कोई भी रूट बंद नहीं किया है। सभी रास्तों पर नियमित रूप से ट्रैफिक बहाल रहेगा, अगर कोई जरूरत पड़ती है तो यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर ही रूट डायवर्ट का निर्णय पुलिस प्रशासन लेगा।
एक ही गेट से होगी सभी कर्मचारियों व अधिकारियों की एंट्री
शिक्षा बोर्ड के मुख्य गेट से ही चुनावी ड्यूटी के कर्मचारियों व अधिकारियों का प्रवेश होगा। यहां हर कर्मचारी व अधिकारी को अपनी पहचान पत्र के साथ ही प्रवेश दिया जाएगा। मुख्य गेट पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। जहां कर्मचारी के पहचान पत्र और लिस्ट से मिलान के बाद ही अंदर प्रवेश करने दिया जाएगा। मीडिया के लिए भी मतगणना केंद्र के समीप कांफ्रेंस हॉल में रुझान जानने के लिए व्यवस्था कराई गई है।
ये प्रत्याशी हैं मैदान में
भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से ये 17 प्रत्याशी चुनावी मैदान में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से 17 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें इंडियन नेशनल कांग्रेस से राव दानसिंह, भारतीय जनता पार्टी से धर्मबीर, जननायक जनता पार्टी से बहादुर सिंह, बहुजन समाज पार्टी से सुनील कुमार शर्मा, भारतीय जवान किसान पार्टी से आनंद कुमार, पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) से बलवान, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से भारत भूषण, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) से रोहतास, राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी से सुभाष के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार वर्षा, जगदीश, जयसिंह, इंजीनियर महावीर सिंह यादव, योगबीर सिंह, वेद प्रकाश, सीमा व हेमंत शामिल हैं।
नौ विधानसभा क्षेत्रों में यह थी बूथों की स्थिति
संसदीय क्षेत्र की नौ विधानसभा क्षेत्रों में 1187 जगहों पर 1933 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिसमें लोहारू में 159 जगहों पर 230 बूथ, बाढ़ड़ा में 147 जगहों पर 239 बूथ, दादरी में 134 जगहों पर 243 बूथ, भिवानी में 119 जगहों पर 220 बूथ, तोशाम में 136 जगहों पर 233 बूथ , अटेली में 133 जगहों पर 215 बूथ, महेंद्रगढ़ में 146 जगहों पर 220 बूथ, नारनौल में 93 जगहों पर 153 बूथ, नांगल चौधरी में 120 जगहों पर 180 बूथ शामिल हैं।
हलवाइयों की दुकानों पर भी एडवांस ऑर्डर
शहर के हलवाइयों के पास भी लड्डूओं के एडवांस आर्डर आ चुके हैं। जिसको लेकर शहर में कई नामी हलवाइयों के यहां लड्डू तैयार किए जा रहे हैं। ये आर्डर अलग-अलग हलवाइयों को मिले हैं। जीत का जैसे ही जश्न शुरू होगा, लड्डू भी बटेंगे। हालांकि अभी तक किसी भी पार्टी ने जश्न की जिला प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली है। क्योंकि इस बार चुनाव में विजेता की घोषणा नारनौल जिले में जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से की जाएगी।
किस विधानसभा में हैं कितने मत
विधानसभा- कुल मत- वोट डाले गए- प्रतिशत
अटेली- 2,02,007- 1,38,197- 68.4
बाढ़डा- 1,97,273- 1,31,641- 66.7
भिवानी- 2,33,726- 1,39,695- 59.8
दादरी- 2,07,812- 1,28,600- 61.9
लोहारू- 2,04,035- 1,41,290- 69.2
महेंद्रगढ़- 2,08,069- 1,43,991- 69.2
नांगल चौधरी- 1,64,444- 99,406- 60.4
नारनौल- 1,54,769- 1,02,580- 66.3
तोशाम- 2,20,894- 1,45,648- 65.9