कृपाराम की ढाणी नजदीक नंदराम कटला क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने शरीर में गुम चोट कर हत्या करने का आरोप लगाया। परिजनों ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों ने रोष जताते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कर हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के विसरा जांच के लिए मधुबन व रोहतक भेजा।
शनिवार देर रात नंदराम कटला क्षेत्र में मूलचंद जोहड़ के पास प्रॉपर्टी डीलर संदीप की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। संदीप के पिता कुलबीर बंसल चंडीगढ़ में एससी विजिलेंस पॉल्यूशन बोर्ड है। रविवार सुबह खासी संख्या में परिजन व अन्य सामान्य अस्पताल चौकी में एकत्रित हुए और संदीप की हत्या किए जाने के आरोप लगाए। परिजनों ने बताया कि संदीप को ऐसी गुम चोट मारी गई है, जो मौत का कारण बनी।
मृतक के पिता ने बताया कि रात करीब पौने 11 बजे दो युवक उसके घर आए और बताया कि संदीप मूलचंद जोहड़ के नजदीक टंकी पर बेहोश है। कुलबीर बंसल ने बताया कि हमने समझा कि शराब पी ली होगी। जिसके बाद उक्त युवकों को ही संदीप को लाने के लिए कहा। करीब 15-20 मिनट बाद वे संदीप को लेकर आए। संदीप का पूरा शरीर ठंडा पड़ा हुआ था। वे तुरंत उसे गाड़ी से दिनोद गेट स्थित एक प्राइवेट अस्पताल लेकर गए जहां चिकित्सक ने बताया कि संदीप को मरे करीब सवा घंटा हो चुका है।
इसके बाद वह सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां भी चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। कुलदीप ने बताया कि जब वे संदीप के बेहोश पाए जाने वाली जगह पहुंचे तो वहां शराब की दो बोतलें, छह गिलास व अन्य सामान था। वहां पर संदीप को घसीटने के भी निशान है। संदीप की हत्या की गई है। पुलिस ने परिजनों के बयान के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया और विसरा जांच के लिए चंडीगढ़ लैब भेजा। मामले में दिनोद गेट चौकी इंचार्ज रामअवतार ने बताया कि फिलहाल इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनाें को सौंप दिया है। बाकी कार्रवाई रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।
पहले भी हो चुके है प्रयास
मृतक संदीप के पिता कुलबीर ने बताया कि पहले भी मारने के प्रयास हो चुके है। कुछ वर्ष पहले उनकी कार में आग लगा दी थी। पिछले साल संदीप पर हमला किया गया था। करीब दो साल पहले एक होटल में संदीप पर हमला किया गया था, जिसमें उसकी टांग टूट गई थी। मृतक संदीप की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और अब वह पिता बनने वाला था। सभी नए मेहमान के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे। खुशियों के माहौल के बीच संदीप की मौत से परिवार के सभी सदस्य सदमे में हैं। घर में सिर्फ रोने की ही आवाजें सुनाई दे रही है।