भिवानी। साइबर अपराध, फेक न्यूज और निजता हनन की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। यह बात सीजेएम एवं सचिव डीएलएसए पवन कुमार ने विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष जागरूकता अभियान में कही। उन्होंने डिजिटल युग की चुनौतियों के बीच साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
सीजेएम पवन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। उन्होंने बताया कि जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण की ओर से दो माह तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी अभियान ‘डिजिटल दुनिया का प्रबंधन—साझा करने से पहले सोचें’ संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म जहां लोगों को अनेक सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं, वहीं इनके दुरुपयोग से साइबर अपराध, फेक न्यूज और निजता हनन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में डिजिटल साक्षरता समय की मांग है और प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहना आवश्यक है। इस अवसर पर पैनल अधिवक्ता अनुराधा खनगवाल ने चार महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी फोटो, वीडियो या संदेश को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। बिना पुष्टि किया गया कोई भी शेयर किसी व्यक्ति के लिए गंभीर संकट का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाता है और यह कानूनन दंडनीय अपराध भी है।