कोलगेट की बिल्टी काट कंटेनर में अवैध रूप से भेजे जा रहे अंग्रेजी शराब के जखीरे को पकड़ने में पुलिस ने सफलता प्राप्त की है। चरखी दादरी सदर पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की है। कंटेनर से तीन अलग-अलग मार्का की करीब 13 हजार अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की है। पुलिस ने शराब व कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया है।
सोमवार देर शाम सदर पुलिस पार्टी चिड़िया रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चिड़िया-मकड़ानी रोड़ स्थित बंद पड़े एक होटल पर लावारिस हालत में कंटेनर खड़ा है और इसमें अवैध शराब होने की आशंका है। इसके बाद पुलिस ने पहले लावारिस खड़े कंटेनर के चालक की तलाश की। काफी देर तब जब चालक का पता नहीं चल पाया तो कंटेनर को खोलकर देखा गया। इस दौरान कंटेनर में अंग्रेजी शराब की पेटियां पाई गई। इसके बाद जब कंटेनर के केबिन को चैक किया गया तो ड्राईवर सीट के पीछे पुलिस कर्मचारियों को कुछ कागजात बरामद हुए। इन कागजातों पर न्यू गुरु नाथ प्रापर्टी ट्रांसपोर्ट कंपनी लुधियाना का पता मिला। वहीं, इस दौरान कंटेनर से कोलगेट की बिल्टी भी केबिन में एक बाक्स से बरामद हुई। मौसम खराब होने के चलते पुलिस टीम अपने स्तर पर चालक की व्यवस्था कर कंटेनर को सदर थाने ले आई। सदर थाने आने के बाद जब शराब चैक की गई तो हजारों की तादाद में बोतलें पाई गई। पुलिस का अनुमाल है कि शराब को राजस्थान भेजा जा रहा था। यहां तक कि इस शराब के नकली होने के कयास भी लगाए जा रहे हैं। कंटेनर में भेजी जा रही तीन अलग-अलग मार्का की 1138 पेटियों में से 13008 बोतलें पुलिस को बरामद हुई है। इनमें रोयल स्टेग की 682 पेटी, इंपियीरर ब्लयू की 235 पेटी व बलंडर प्राइड की 132 पेटियां हैं।
स्पेशल टीम का हुआ गठन
शराब के अवैध कारोबार के अंबाला और इसके आसपास होने के कयास लगाए जा रहे हैं। पुलिस का अनुमान है कि बद्दी में स्थित विभिन्न फार्मासिस्ट कंपनी की आड़ में यह अवैध कारोबार चलाया जा रहा है। ट्रांसपोर्ट मालिक, चालक व शराब माफिया की गिरफ्तारी के लिए सदर पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए है। बकायदा इसके लिए पांच सदस्यीय स्पेशल टीम भी गठित कर दी गई है। इसका नेतृत्व सदर थाना प्रभारी देशराज दहिया खुद कर रहे हैं। यह टीम बद्दी के अलावा लुधियाना में संबंधित ट्रांसपोर्ट कंपनी पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की तह तक जाएगी।