भिवानी रेलवे लाइन ओवरब्रीज तोशाम पुल पर बुधवार को दो सड़क दुर्घटना हुई। इन सड़क दुर्घटना में एक कलाकार व एक नौजवान युवक की मौत हो गई। मृतको की पहचान गांव भिवानी की दुर्गा कॉलोनी निवासी शुभम(20) व अलवर के गांव बीरण वास निवासी कलाकार सतीश(37) के रूप में हुई है। इस संबंध में सूचना मिलने पर बीटीएम चौकी पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों को सौंप दिया। दोनों मामलो में पुलिस ने परिजनों के बयान पर वाहनों चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई में जुट गई है।
स्कूटी व बाइक की भिड़त, एक नौजवान की मौत
पहली सड़क दुर्घटना में दुर्गा कॉलोनी निवासी शुभम स्कूटी पर सवार होकर बुधवार शाम करीब चार बजे तोशाम पुल से जा रहा था। उसी दौरान सामने से एक बाइक ने टक्कर मार दी। जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में ले जाते वक्त युवक ने अपना दम तोड़ दिया।
ब्रेजा ने बाइक में मारी टक्कर
वहीं, दूसरे मामले में बुधवार को देर रात करीब साढ़े दस बजे सतीश अपने साथी कलाकार को लेने रेलवे स्टेशन पर आया था। वह अपनी साथी को ई-रिक्शा में बैठाकर वह बाइक पर गांव दिनोद जा रहा था। उसके साथ बाइक पर दिनोद निवासी कर्मबीर था। जब वे तोशाम पुल पर चढ़े तो सामने से एक ब्रेजा गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसके कारण बाइक सवार सतीश व कर्मबीर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को राहगीरों की मदद से नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां चिकित्सको ने सतीश को मृत घोषित कर दिया और कर्मबीर को भर्ती कर लिया।