पिस्तौल के बल पर शुक्रवार रात ट्रक चालक से लूटपाट करने के चार आरोपी युवकों को बौंदकलां थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चारों को शनिवार रात पुलिस ने सांवड़ गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस ने रविवार सुबह इनको कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। इस संबंध में पीड़ित ट्रक चालक ने आरोपी युवकों के खिलाफ उसे 19 हजार रुपये की नकदी छीनने की शिकायत पुलिस को दी थी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बहुअकबरपुर जिला रोहतक निवासी ट्रक चालक बिट्टू ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े 12 बजे वह खेड़ी बत्तर से क्रशर का ट्रक लेकर रोहतक के लिए निकला था। रात करीब ढाई बजे वह गांव सांवड़ के समीप पहुंचा तो एक ईंट-भट्ठे के समीप ही बाइक सवार चार युवकों ने ट्रक को रुकवा लिया।
ट्रक रुकते ही युवकों ने खिड़की खोलकर उस पर पिस्तौल तान दी। उसे जान से मारने की धमकी देकर युवकों से उससे 19 हजार रुपये की नकदी छीन ली। इसके बाद चालक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर ही पहुंचकर घटना का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रक चालक बिट्टू की शिकायत पर गांव सांवड़ निवासी मनोज, रामबीर, अजय और सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद सभी आरोपियों को सांवड़ से शनिवार को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने चारों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। सोमवार को पुलिस रिमांड पूरा होने पर आरोपितों को न्यायालय में पेश करेगी।