चरखी दादरी। गांव साहूवास निवासी एक किसान की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई। घटना देर रात की है। परिजनों को मामले का पता शुक्रवार सुबह चला। पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाया।
पुलिस को दिए बयान में मृतक कुलदीप के बेटे शक्ति ने बताया कि उसका पिता बृहस्पतिवार रात ट्रैक्टर लेकर खेत में गया था। शुक्रवार सुबह एक खेत में उनका ट्रैक्टर पलटा मिला और उसके नीचे कुलदीप मृत अवस्था में मिला। परिजनों ने अंदेशा जताया कि रास्ता संकीर्ण व अंधेरा होने के चलते कुलदीप का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर असंतुलित होकर नीचे खेत में पलट गया। घटना में कुलदीप को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसकी ट्रैक्टर के दबने से मौत हो गई। सुबह एक किसान ने खेत में ट्रैक्टर पलटा देखा। इसके बाद तुरंत कुलदीप के परिजनों को मामले की सूचना दी गई। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को घटना से अवगत करवाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।