भिवानी। दिनदहाड़े सब्जी मंडी के पास एक महिला से ठगी कर कानों की बालियां उड़ा ली गई। महिला को नशीला पदार्थ सूंघाकर बेसुध भी किया गया। मामले की शिकायत सब्जी मंडी चौकी में की गई है।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे की है। पुराना बस स्टैंड वासी महिला देवकी व्रत के चलते सब्जी मंडी में फल लेने गई थी। महिला ने बताया कि वह फल लेकर बाहर निकली तो दो युवक उसका पीछा करने लगे। एक ने रुपये देकर कहा कि आंटी मेरे रुपये पकड़ लो एक बार। फिर कहा कि आप भी ऑटो में बैठ जाओ। बाद में लालच दिया कि मैं अपने एक साथी को छोड़ आता हूं, फिर रुपये आधे आधे बांट लेंगे। महिला ने बताया कि ऑटो में बैठते ही युवक ने उसे रुमाल में लगा कुछ सूंघाया, जिससे वह बेसुध हो गई। वे उसे नए बस स्टैंड की ओर ले गए और कानों की बालियां निकाल ली। बाद में रुपयों की थैली बता उसे रोहतक गेट छोड़ दिया। उसे कहा कि आप यहीं बैठे। इस थैली में रुपये और कानों की बालियां है। जब उसे होश आया और थैली देखी तो उसमें सिर्फ कागज थे और बालियां नहीं मिली। बाद में परिजन पहुंचे और उसे लेकर घर आए। मामले में सब्जी मंडी चौकी इंचार्ज एसआई रामौतार ने बताया कि महिला के परिजन देर शाम चौकी आए थे। अब महिला को सुबह बुलाया गया है। तफ्तीश करके कार्रवाई की जाएगी।