बवानीखेड़ा। पैसेंजर गाड़ी से शुक्रवार सुबह भिवानी कोचिंग लेने जाते समय एक छात्र का पैर फिसल गया। प्लेटफार्म और चलती गाड़ी के बीच फंसकर वह करीब 30 मीटर तक घिसटता चला गया। इस हादसे में गंभीर युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्टेशन पर हड़कंप मच गया। इसके बाद करीब 20 मिनट तक गाड़ी स्टेशन पर ही खड़ी रही।
कस्बे के रेलवे स्टेशन पर हिसार से भिवानी की तरफ जा रही पैसेंजर गाड़ी से सुबह गांव पपोसा निवासी मंजीत को भिवानी कोचिंग के लिए जाना था। रेलवे स्टेशन पर जैसे ही वह गाड़ी में चढ़ने लगा उसका पैर फिसल गया। उसका पैर गाड़ी और प्लेटफार्म के बीच फंस गया। इस दौरान गाड़ी चलने लगी। गाड़ी और प्लेटफार्म के बीच फंसा मंजीत करीब 30 मीटर तक घिसटता चला गया। इस दौरान प्लेटफार्म पर हड़कंप मच गया। कुछ देर बाद गाड़ी रुकी तो उसको निकाला गया। इस हादसे में गंभीर घायल छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद काफी देर तक पैसेंजर गाड़ी प्लेटफार्म पर ही रुकी रही। हादसे में मृत छात्र की पहचान गांव पपोसा निवासी मंजीत के रूप में हुई। स्टेशन अधीक्षक ईश्वर यादव ने बताया कि हिसार से भिवानी जा रही सवारी गाड़ी की चपेट में आने से पपोसा गांव निवासी मंजीत की मौके पर ही मौत हो गई। शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।