हरियाणा पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा गड़बड़झाले में भिवानी सीआईए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तक 19 आरोपी इस प्रकरण में पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। सुरक्षा एजेंट ने सदर थाना पुलिस को शिकायत दी थी। जिसमें बताया गया था कि जिले में पैसे लेकर दूसरे से परीक्षा दिलाकर पेपर पास कराने वाला गिरोह सक्रिय है।
आरोपी हरियाणा पुलिस पुरुष सिपाही भर्ती परीक्षा 2021 में पैसे लेकर दूसरे से परीक्षा दिलाने और दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ कर पेपर लीक कराने का भी दावा करते थे। इस संबंध में पुलिस ने केस दर्ज किया था। सीआईए द्वितीय के इंचार्ज नरेंद्र कुमार की टीम ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान विनय निवासी धनाश्री चरखी दादरी, मनीष निवासी जींद, मोहित निवासी खरावड़ रोहतक, राकेश उर्फ काला निवासी कैथल, अजय निवासी हांसी व संदीप निवासी हांसी के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी विनय, मनीष, मोहित, अजय व संदीप ने बताया कि हरियाणा पुलिस भर्ती में उन्होंने अपनी जगह दूसरे आरोपियों से अपना पेपर दिलाया था।
आरोपी राकेश को न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। आरोपी राकेश हरियाणा पुलिस भर्ती में परीक्षार्थी की जगह खुद उनकी परीक्षा में बैठकर पेपर दिया करता था।
कमांडो भर्ती मामले में 13वां आरोपी गिरफ्तार, दो दिन के रिमांड पर
भिवानी। थाना शहर पुलिस ने कमांडो भर्ती परीक्षा में पैसे लेकर धोखाधड़ी से पेपर करवाने वाले गिरोह के 13वें गुर्गे को गिरफ्तार किया है। सिटी थाना पुलिस के निरीक्षक रवींद्र कुमार को सुरक्षा एजेंट ने एक शिकायत दी थी।
उसने शिकायत में बताया गया कि जिले में सामान्य अस्पताल भिवानी के आसपास एक गिरोह सक्रिय है। जो केंद्रीय एवं हरियाणा सरकार की सरकारी नौकरियों में पैसे लेकर धोखाधड़ी करके पेपर लीक करवाकर या अन्य साधनों के द्वारा पेपर करवाते हैं और भर्ती करवाने का कार्य करते हैं। इस संदर्भ में सिटी थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
जैन पुलिस चौकी के इंचार्ज सहायक उपनिरीक्षक मनीष कुमार ने अपनी टीम के साथ पेपर में धोखाधड़ी करके पेपर पास करवाने के मामले में 13वें आरोपी को गांव मुंढाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिसार के गांव पेटवाड़ निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड लिया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि हरियाणा पुलिस की कमांडो भर्ती के पेपर में उसने अपना पेपर विवेक से दिलवाया था। इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।