हरियाणा के भिवानी में नगर परिषद में चेक घोटाले के बाद अब शिकायतों की झड़ी लग गई है। हर रोज नए-नए घोटालों की शिकायतें पुलिस अधीक्षक के पास पहुंच रही है। कोई टैक्स रसीद घोटाला बता रहा है तो कोई सफाई घोटाला। रसीद घोटाले में सामने आया है कि नप कार्यालय में बैठकर नप कर्मी बनकर ही एक निवर्तमान पार्षद का भतीजा फर्जी रसीदें काटता था।
नप में फर्जी रसीद का बड़ा घोटाला है। नप कार्यालय में ही सरकारी कर्मचारी बन एक पार्षद का भतीजा रसीदें काटता था। उसने अपना ही सॉफ्टवेयर बना रखा था, जिससे रसीदें निकालकर देता था। इसमें बड़ा घोटाला है और मैंने फर्जी रसीदें भी जांच कर रही पुलिस की इकनॉमिक सेल के अधिकारियों के समक्ष दी हैं। वहां मौजूद नप कर्मचारियों ने भी माना है कि ये रसीदें फर्जी हैं। मामले की पूरी जांच हो तो कई बड़े लोग फंस सकते हैं। -सुशील वर्मा, शिकायतकर्ता।
दोषियों पर होगी कार्रवाई
नप से संबंधित काफी शिकायतें हैं, जिनकी जांच चल रही है। जांच में नप कर्मचारियों, बैंक कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। हमारा प्रयास है जल्द से जल्द केस को पूरी तरह सुलझाया जाए। जिसमें जो दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -एसआई सतपाल सिंह, इंचार्ज पुलिस इकॉनोमिक सेल।
जांच कर जल्द करेंगे पूरा खुलासा
अभी हमारे सामने एक ही बैंक खाते के चेक सामने आए हैं, जबकि नप के काफी बैंक अकाउंट हैं। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही इसका पूरा खुलासा किया जाएगा। ऑरिजनल चेक मिलने के बाद उन पर किए गए हस्ताक्षरों की जांच करवाई जाएगी। फर्जी रसीदों की शिकायत आई है, जिसकी जांच की जा रही है। - अजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक।