भिवानी। प्लास्टिक धागा रंग सप्लायर से मारपीट कर तीन लाख रुपये लूट दो युवक फरार हो गए। झगड़े में सप्लायर को चोट आई वहीं उसके एक सहायक के हाथ में फ्रेक्चर आया। दोनों घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना सोमवार देर शाम करीब सात बजे की है। विकास नगर वासी सुरेश यादव की भिवाड़ी में रंग की फैक्ट्री है। उनका भिवानी के विकास नगर में ही इंडस्ट्रीज एरिया के पास एक मकान में गोदाम है। यहीं से इंडस्ट्रीज एरिया में कलर सप्लाई किया जाता है। भिवानी में उनका लड़का पवन यादव काम संभालता है। सोमवार देर शाम करीब सात बजे पवन गोदाम से अपने सहायक चेतन के साथ घर जाने के लिए निकला। उनके पास बैग में करीब तीन लाख रुपये थे। यहां स्कूटी स्टार्ट ही की थी कि दो युवक आए। किसी का पता पूछने के बहाने बातचीत की और फिर हॉकियों से हमला कर दिया। हमलावर रुपयों का बैग छीन इंडस्ट्रीज एरिया की ओर फरार हो गए।
हमले और रुपये छीने जाने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सब्जी मंडी चौकी और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ात करीब नौ बजे दोनों घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। घायलों में पवन यादव के हाथ और कमर पर चोट है वहीं चेतन के हाथ में फ्रेक्चर आया है। घटना के बाद पुलिस रात तक विकास नगर और इंडस्ट्रीज एरिया में जांच करती रही।
दोनों युवक थे जवान, पता पूछा और कर दिया हमला
प्लास्टिक धागा रंग सप्लायर पवन यादव ने बताया कि वे स्कूटी स्टार्ट कर चलने ही वाले थे कि दो युवक जिनकी उम्र करीब 20-22 वर्ष थी आए। एक ने आते ही पूछा कि परमार का मकान कौन सा है। वह कुछ बोलते उससे पहले ही दूसरे ने हॉकी से हमला शुरू कर दिया। दोनों युवक उसे व चेतन को पीटने लगे। वे उनका रुपयों का बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब तीन लाख रुपये थे।
अक्सर इसी टाइम जाते है घर
पवन यादव ने बताया कि उनकी भिवानी में रंग की फैक्ट्री है। विकास नगर में पीछे की ओर एक मकान गोदाम बना रखा है और यहीं से इंडस्ट्रीज एरिया में रंग की सप्लाई की जाती है। शाम को उगाही के बाद साढ़े छह से सात बजे के बीच ही हर रोज घर जाते है।
वर्जन:::
मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई होगी।
बलराज सिंह, एसएचओ, सिविल लाइन थाना