गांव आदमपुर निवासी लड़की हत्याकांड के आरोपी भाई को पुलिस ने अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस पूछताछ में हत्यारे के खुद भी अय्याश होने की बात सामने आई। आरोपी के हत्याकांड के कबूलनामे के बाद उसे कोर्ट में पुलिस ने पेश किया।
गौरतलब है कि करीब दस रोज पहले गांव आदमपुर में करीब 18 वर्षीय लड़की की उसके भाई सुनील ने तेजधार हथियार से हत्या कर दी थी। रात के समय हुई इस घटना के समय लड़की की मां मकान में सो रही थी। मां ने सुबह देखा तो लड़की मृत अवस्था में पड़ी थी। आरोपी हत्या कर रात को ही घर से फरार हो गया था ।
पुलिस ने लड़की के भाई सुनील के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। हत्या के बाद से ही पुलिस की दो टीमें आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार गुप्त ठिकानों पर दबिश दे रही थीं लेकिन आरोपी का सुराग नहीं लग पा रहा था। पुलिस द्वारा राजस्थान के विभिन्न जिलों में छापेमारी की गई थी। सीआईए व सदर पुलिस टीमें खोजबीन में जुटी थी। रविवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। सदर पुलिस थाना प्रभारी देशराज ने बताया कि आरोपी सुनील शराब पीकर घर में आए दिन झगड़ा करता था। आरोपी खुद भी अय्याश प्रवृत्ति का था। आरोपी ने अपनी बहन की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस द्वारा पूछताछ करने के बाद आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया गया जहां उसे जेल भेज दिया गया।