हरियाणा के भिवानी के बहल क्षेत्र में सोमवार रात को एक युवक ने खाट पर बैठने से मना करने पर एक राजमिस्त्री की सिर में ईंट मारकर हत्या कर दी। ईंट लगने से घायल राजमिस्त्री को उपचार के लिए परिजन हिसार के निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक का हिसार में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजन की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धारा के तहत केस दर्ज किया है।
वहीं, मृतक के परिजन एएसपी लोगेश कुमार से मिले और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मृतक के परिजनों ने पुलिस से कहा कि इस मामले में किसी एक व्यक्ति का हाथ नहीं हो सकता है। घटना में जितने भी लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ भी केस दर्ज किया जाए। घटना सोमवार रात करीब 11 बजे की है।
पुलिस में दी शिकायत में मृतक के भाई शिवकुमार ने बताया कि उसका भाई कमल (40) अपने प्लाॅट में सोने के लिए गया था। जबकि वह अपने भतीजे अनिल के साथ प्लाॅट के साथ लगते मकान में बैठा था। इस दौरान उनको कमल की आवाज सुनाई दी। इसमें वह अनिल को जोर-जोर से आवाज लगा रहा था।
जब वह अनिल के साथ प्लॉट के गेट के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा मूल रूप से हेतमपुरा व हाल बहल निवासी अक्षय उसके भाई कमल के सिर में ईंट से चोट मार रहा था। वहीं, मौके पर अक्षय की मां शकुंतला भी मौजूद थी।
जब वह अपने भाई कमल को अक्षय से छुड़वाने लगे तो शकुंतला ने उसे पकड़ लिया और अक्षय उसके भाई कमल को ईंट मारने लगा। वह कमल से कह रहा था कि तुमने मुझे अपने घेर (प्लाट) में आने और खाट पर बैठने से मना किया था। मेरी उस बेइज्जती का नतीजा आज चखाऊंगा और तेरे को जान से मार दूंगा। उसने अपने भतीजे के साथ मिलकर मुश्किल से कमल को उनसे छुड़वाया और उसे बहल के निजी अस्पताल पहुंचाया।
जहां चिकित्सक ने उसे हिसार रेफर कर दिया। वे कमल को घायलावस्था में हिसार ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिवकुमार की शिकायत पर नामजद आरोपी अक्षय के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्रित किए।
परिजन बोले - एक व्यक्ति का हाथ नहीं, कई लोग हैं शामिल
घटना के बाद मृतक कमल के परिजन पहले रामलीला मैदान में एकत्रित हुए। वहां से वे पुलिस थाना पहुंचे। पुलिस थाना की वार्षिक जांच के लिए आए एएसपी लोगेश कुमार ने परिजनों से मुलाकात की। परिजनों ने कहा कि इस घटना में कुछ अन्य लोग भी शामिल है जो इस मामले में सीधे तौर पर दोषी है। एएसपी ने लोगों से कहा कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी और जांच में जो भी दोषी होगा, उसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। घटना के किसी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
कमल की छवि बेहद शरीफ और सुलझे हुए इंसान के रूप में थी
कमल नायक राजमिस्त्री का काम करता था और कस्बे में उसकी पहचान एक बेहद शरीफ और सुलझे हुए आदमी के तौर पर होती थी। इसलिए लोगों को यकीन नहीं हो रहा कोई कैसे उसकी हत्या कर सकता है। कमल के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां व एक बेटा है। वहीं, आरोपी मूल रूप से तोशाम क्षेत्र के हेतमपुरा गांव का रहने वाला है। वह बहल में कुछ साल पहले ही परिवार सहित आया था।
शुरुआती जांच में मामूली विवाद के बाद एक युवक ने एक व्यक्ति की हत्या की है। जिस पर पुलिस ने अहम जानकारी जुटाई है और आरोपी की तलाश जारी है।
- सुमित श्योराण, प्रभारी, बहल पुलिस थाना, भिवानी।