चिड़िया रोड़ स्थित एक कॉटन मिल में बृहस्पतिवार रात को शार्ट-सर्किट से आग लग गई। इस घटना में मिल की मशीनें व कपास आग की चपेट में आ गई।
आग इतनी भीषण थी कि दमकल विभाग की चार गाड़ियों को काबू पाने में पांच घंटे का समय लग गया। इस दौरान पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। गनीमत रही की घटना के समय मिल में कार्यरत कर्मचारी जग रहे थे। इससे समय रहते घटना का पता चल गया। घटना में मिल मालिक को करीब 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पीड़ित मिल मालिक गोबिंद मकड़ानिया ने बताया कि चिड़िया रोड़ पर करीब डेढ़ माह पूर्व ही लक्ष्मी ऑयल एंड कॉटन नाम से मिल शुरू की थी। सूचना पर वे मौके पर पहुंचें तो मिल से आग की लपटें उठ रही थी। उसने जब अंदर जाकर देखा तो वहां रखे कॉटन में भी आग धधक रही थी।
आग की चपेट में वहां रखी मशीनें भी आग गई। इसके तुरंत बाद उसने मामले की सूचना दमकल विभाग व पुलिस को भी दी। इसके बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान आग के उग्र रुप लेने पर दमकल विभाग की दो और गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची।
दीवार ने बचा लिया आधा कॉटन
गनीमत रही कि मिल में कॉटन को दो अलग-अलग जगहों पर रखा गया था। जिन दो जगहों पर कॉटन रख था उनके बीच में एक दीवार भी थी। आगजनी की घटना में दीवार एक तरफ का कॉटन व मशीनें जलकर खाक हो गई। वहीं दमकल विभाग की गाड़ियों ने इसके बाद मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। अगर बीच में दीवार न होती तो घटना में दोगुना हो जाता।
चार गाड़ियां ढ़ोती रह पानी
आग भीषण होने के कारण दमकल विभाग की चार गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा। इन गाड़ियों पर तैनात कर्मचारियों ने लगातार पानी की बौछारें आग पर काबू पाने के लिए जारी रखी। ये माजरा करीब पांच घंटे तक चलता रहा। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान दमकल विभाग की गाड़ियां पानी लाने के लिए लगातार चक्कर काटती रही।
दूसरी मिलों के कर्मचारियों ने भी किए प्रयास
चिड़िया रोड़ पर करीब एक दर्जन ऑयल व कॉटन मिलें हैं। रात को मिल से आग की लपटें उठती देखकर आसपास की मिलों के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचें। उन्होंने मिल कर्मचारियों के साथ मिलकर पहले अपने सतर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन एकदम आग भड़कते देख फौरन दमकल विभाग को सूचना भिजवाई। इस दौरान दीवार के दूसरी तरफ का कॉटन भी कर्मचारियों ने वहां से उठाकर बचा लिया।