फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana: पुलिस की वर्दी में आए चार लुटेरों ने लूटा क्रशर से भरा ट्रक, चालक को बंधक बनाकर छोड़ा

Sat, 27 Jul 2024 09:15 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, तोशाम, भिवानी (हरियाणा)

सार

आरोपियों ने ट्रक चालक को लाडवा के पास खेत में बने कमरे में बंधक बनाकर छोड़ा। लुटेरे बिना नंबर की कार में सवार होकर आए थे, चालक का फोन और 12,000 की नकदी भी ले गए।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के भिवानी के तोशाम क्षेत्र में पुलिस की वर्दी में सफेद कार से आए चार लुटेरे शुक्रवार रात ट्रक चालक को बंधक बनाकर क्रशर (भवन निर्माण सामग्री) से भरे ट्रक समेत मोबाइल फोन और 12,000 की नकदी लूट ले गए। सफेद रंग का मास्क लगाकर आए लुटेरों ने चालक को गांव लाडवा के पास खेत पर बने एक कमरे में बांध दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

विज्ञापन


जींद जिले के गांव काकड़ोद निवासी सोनू ने शनिवार को पुलिस को शिकायत दी। इसमें उसने बताया कि वह करीब तीन साल से जिंदल आयरन स्टोर का ट्रक चलाता है। इसी ट्रक में क्रशर भरवाकर 26 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह तोशाम से हांसी की तरफ चला।

इस दौरान वह रतेरा रोड के नजदीक पहुंचा तो तोशाम की तरफ से बिना नंबर की सफेद रंग की नई कार आई। उसके चालक ने अपनी कार ट्रक के आगे खड़ी कर दी। इस कारण उसे ट्रक रोकना पड़ा।
विज्ञापन


पुलिस की वर्दी पहने दो लुटेरे इस कार से उतरे। उन्होंने ट्रक के कागजात मांगे। इसी दौरान सोनू ने ट्रक मालिक से बात करने के लिए फोन निकाला तो आरोपियों ने उसे छीन लिया। कार में कुल चार आरोपी सवार थे। उन्होंने सोनू को बंदी बनाकर उसके मुंह पर कपड़ा बांध दिया।

उनमें से एक व्यक्ति क्रशर से भरे ट्रक को चलाकर कुछ दूरी तक कार के पीछे आया और फिर ट्रक लेकर भाग गया। गांव लाडवा से आगे पहुंचने पर लुटेरों ने उसे एक खेत पर बने कमरे के आगे बरामदे में सफेद रस्सी से बांध दिया और वहीं छोड़कर चले गए।

सोनू ने बताया कि जैसे-तैसे रस्सी को खोलकर वह हिसार-लाडवा सड़क पर आया। वहां सड़क पर मिले एक बाइक सवार के फोन से उसने अपने साथी चालक राकेश को फोन कर घटना की सूचना दी। तभी उसके मालिक को घटना का पता चल सका। सोनू ने बताया कि आरोपी क्रशर से भरा ट्रक और फोन लूट कर ले गए। उसी ट्रक में रखे 12,000 रुपये भी आरोपी ले गए। सोनू की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें