भिवानी। रोहतक रोड पर गांव नौरंगाबाद के पास देर रात कार से टकराकर एक ट्रक सड़क के बीच पलट गया। हादसे में कार चालक को चोट आई। जिसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। ट्रक मुख्य मार्ग पर पलटने के कारण मार्ग पर जाम लग गया और मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
हादसा देर रात करीब एक बजे का है। नौरंगाबाद गांव के पास एक ट्रक और कार की आमने सामने की टक्कर हो गई। हादसे के बाद कार के परखच्चे उड़ गए वहीं ट्रक भी संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क पर ही पलट गया। घायल कार चालक को तुरंत उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। भिवानी रोहतक मुख्य मार्ग के बीचों बीच ट्रक पलटने के कारण राहगीरों को भारी परेशानी हुई। अधिकतर ने रास्ता बदला तो अनेक वाहन जाम में फंसे रहे। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें थी। सुबह करीब 10 बजे पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर ट्रक को बीच सड़क से हटवाने की प्रक्रिया शुरू की। ट्रक के सड़क के बीच से हटने के बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली और वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
मामले में खरक चौकी से एसआई जीतराम ने बताया कि कार व ट्रक की टक्कर के बाद ट्रक सड़क के बीच पलट गया। मगर उन्होंने जेसीबी बुला ट्रक को हटा दिया है। हटाने में थोड़ा समय लगा। घायल कार चालक के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।