सीआईए पुलिस टीम ने शनिवार को नकली करंसी नोट सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर ढिगावा कस्बे से चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 हजार की नकली भारतीय मुद्रा बरामद की है। थाना लोहारू में आरोपियों के खिलाफ धारा 489 ए, बी व सी तथा 34 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले दिनों राजस्थान पुलिस ने सूरजगढ़ कस्बे में नकली नोट चलाते एक महिला सहित कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद इस गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस को शनिवार को यह कामयाबी मिली। लोहारू से सटे ढिगावा मंडी कस्बे में पुलिस को एक सुराग हाथ लगा। इसके बाद ही पुलिस चार आरोपियों तक पहुंच पाई। माना जा रहा है कि कुछ और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।
--
यूपी से भी जुड़े हो सकते हैं तार
पुलिस का मानना है कि आरंभिक जांच में सामने आया है कि नकली नोटों के इस गोरखधंधे के तार उत्तरप्रदेश से जुड़े हो सकते हैं और पशु व्यापार की आड़ में कई लोग इस क्षेत्र में लोगों को फंसाकर नकली नोटों की आपूर्ति करते हैं।
--
नकली नोट गिरोह से जुड़े मुकेश, लोकेश, प्रीतम तथा पवन को लोहारू के ढिगावा कस्बे से गिरफ्तार किया है तथा बाकी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभियान जारी है। मामले की गहनता से जांच जारी है।
मंजीत सिंह
जांच अधिकारी, सीआईए