गांव जयश्री और मिसरी के बीच सड़क पर प्रैक्टिस कर रहे युवाओं से बाइक सवारों की झड़प हो गई। इस दौरान मारपीट में तीन बाइक सवार घायल हो गए। घायलों में से एक युवाओं पर नकदी व चैन छीनने का आरोप लगाया है। अस्पताल में उपचाराधीन भागेश्वरी निवासी रामनिवास ने बताया कि वह दादरी में कपड़े का शोरूम चलाता है। शनिवार शाम को वह अपने मामा के लड़के रवि के साथ बाइक पर सवार होकर दादरी से अपने गांव जा रहा था। गांव जयश्री व मिसरी के बीच में कुछ युवक सड़क पर प्रैक्टिस कर रहे थे। बाइक चालक ने बताया कि हॉर्न बजाने पर भी युवक सड़क से नहीं हटे। बाइक रोककर जब युवकों से हटने की बात कहीं तो युवक भड़क गए व उन्हें भला-बुरा कहने लगे। इसी दौरान एक युवक ने फोन कर गांव से अन्य साथियों को बुला लिया।
साथियों के वहां पहुंचते ही युवकों ने मिलकर उन पर लात घुसों से हमला बोल दिया। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक अन्य बाइक चालक कोल्हावास निवासी श्रीनिवास ने मामले का बीच-बचाव करवाना चाहा तो उस पर भी उक्त युवकों ने हमला बोल दिया। तीनों घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। रामनिवास ने हमलावरों पर आरोप लगाया है कि हमले के दौरान युवकों ने उससे पंद्रह हजार रुपये व एक सोने की चैन भी छीन ली। बौंद थाना पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी राम मेहर ने बताया कि अभी किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं हुआ है। अभी मामले की जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामला दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।