फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दहशत फैलाने वाला मंगू गैंग गिरफ्तार

Tue, 10 Jan 2017 12:46 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
file image
विज्ञापन
चरखी दादरी शहर में पिछले कुछ माह में फायरिंग, धमकी व मारपीट कर दहशत फैलाने वाली मंगू गैंग के सरगना सहित चार गुर्गों को सीआईए व सिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से पुलिस को तीन अवैध हथियार व चार कारतूस भी बरामद हुए हैं। इनमें से तीन को सीआईए टीमों ने दबोचा तो एक को सिटी थाना पुलिस ने काबू किया। चारों को शहर के अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया है। इन चारों में से एक युवक को तो गैंग सरगना को हथियार दिलाने में मदद करने का आरोप है। सभी आरोपियों को सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाने के बाद पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। गैंग के गुर्गों पर फायरिंग, जान से मारने की धमकी, आर्म्स एक्ट के व मार-पिटाई के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। हाल में पुराने मामलों में समझौता करने का दवाब बनाने के लिए इन्होंने एमसी कॉलोनी में एक परिवार पर फायरिंग भी की थी।
विज्ञापन

गौरतलब है कि शहर में पिछले कुछ समय से अपराध काफी बढ़ा है। दो-तीन फायरिंग की घटनाएं सरेआम होने के अलावा हथियार के बल पर जान से मारने की धमकी देने व मार-पिटाई की भी दर्जनों शिकायतें पुलिस के पास पहुंची थी। इनमें से कई वारदातें ऐसी हैं, जिन्हें अंजाम देने के आरोप युधिष्ठिर उर्फ मंगू गैंग पर लगे हैं। करीब महीनाभर पूर्व मंगू ने अपने चार साथियों के सहित एमसी कॉलोनी में एक परिवार के तीन सदस्यों पर फायरिंग की थी। इसके बाद से ही मंगू गैंग पुलिस के राडार पर थी। रविवार रात सीआईए व सिटी थाना पुलिस टीमों के हाथ कामयाबी लगी और एक के बाद एक चार गुर्गों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में मंगू के अलावा, एमसी कॉलोनी निवासी आशीष ऊर्फ शेट्ठी, बंसी और अभिषेक शामिल हैं। तलाशी लेने पर इनके पास से तीन अवैध पिस्तौल व चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।

जिम में तोड़-फोड़ करने के बाद धमकाने गया था मंगू
पुराना झज्जर रोड स्थित एक जिम में गत 14 नवंबर को युधिष्ठिर उर्फ मंगू ने अपने साथियों सहित जबरन घुसकर उत्पात मचाया था। मंगू ने यहां तोड़फोड़ करने के साथ-साथ जिम संचालक हर्ष पर भी हमला बोल घायल कर दिया था। इसकी शिकायत पीड़ित ने सिटी थाना पुलिस में दर्ज करवाई थी। इसके बाद 19 दिसंबर को आरोपी मंगू फिर से जिम में घुस गया और हर्ष की गैर मौजूदगी में उसके छोटे भाई पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी। यह धमकी मंगू ने पुलिस को दी शिकायत वापस लेकर समझौता करने के दबाव में दी थी।
विज्ञापन


सब इंस्पेक्टर सहित भाई व मां पर चलाई थी गोलियां
गत 19 दिसंबर की रात ही मंगू अपने साथियों सहित एमसी कॉलोनी निवासी प्रदीप के घर पहुंचा था। इनके आवाज देने पर लड़ाई-झगड़े मामले का गवाह प्रदीप जब बाहर आया और उसने समझौते के लिए इंकार कर दिया तो इन्होंने प्रदीप पर फायर कर दिया। इस दौरान सीआरपीएफ में बतौर सब इंस्पेक्टर तैनात प्रदीप का बड़ा भाई कुलबीर व मां बाहर निकली तो मंगू गैंग ने उन पर भी एक फायर झोंक दिया। इस मामले की शिकायत भी प्रदीप ने सिटी थाने में दर्ज करवाई थी।

रोज गार्डन, महेंद्रगढ़ चुगी से दबोचे आरोपी
गैंग सरगना युधिष्ठर उर्फ मंगू को सीआईए ने महेंद्रगढ़ चुंगी के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक 315 बोर की अवैध पिस्तौल व दो कारतूस बरामद किए। इसके बाद सीआईए ने उसके दूसरे साथी एमसी कॉलोनी निवासी आशीष उर्फ शेट्ठी को रोज गार्डन के समीप से धर दबोचा। शेट्ठी के पास से भी एक 315 बोर की अवैध पिस्तौल व दो कारतूस बरामद हुए। तीसरे आरोपी बंसी को सिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया और उसके पास से एक अवैध हथियार बरामद हुआ। एमसी कॉलोनी निवासी अभिषेक को पुलिस ने मंगू को हथियार दिलाने के खुलासे पर गिरफ्तार किया है।

मंगू, शेट्ठी व अभिषेक को सीआईए ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो 315 बोर के पिस्तौल व चार कारतूस मिले हैं। इनकी पुलिस को लंबे समय से तलाश थी।
विक्रम सिंह, सीआईए थाना प्रभारी

बंसी को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से अवैध हथियार बरामद किया हुआ है। आरोपी का मेडिकल करवाकर कोर्ट में किया गया। इस पर लड़ाई-झगड़े व धमकी देने के मामले दर्ज थे।
विज्ञापन

हितेंद्र कुमार, सिटी थाना प्रभारी
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें