भिवानी में अरसे से सेल्स टैक्स न चुकाने वाले ईंट भट्ठो के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने जिले के 19 ईंट भट्ठों के लाइसेंस रद कर दिए हैं। इन भट्ठों पर अनुमानित 70 लाख से ज्यादा का सेल्स टैक्स बकाया है।
सेल्स टैक्स के भुगतान के नोटिस पर नोटिस भेजे जाने के बावजूद एनओसी न देने वाले ईंट भट्ठों पर आखिरकार गाज गिर ही गई। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने कुल 19 ईंट भट्ठाें का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। इनमें से 11 भट्ठे भिवानी शहर के आसपास गांवों में स्थित हैं। तीन-तीन चरखी दादरी व बवानीखेड़ा, एक-एक तोशाम व सिवानी क्षेत्र के हैं। 19 भट्ठाें का लाइसेंस रद हो जाने के बाद अब जिले में ईंट भट्ठों की संख्या 179 रह गई।
इन ईंट भट्ठों की ओर 70 लाख रुपये से अधिक का सेल्स टैक्स बकाया था। लाइसेंस रद किए उनमें से कई भट्ठाें का तीन लाख से लेकर सात लाख रुपये तक सेल्स टैक्स बकाया है।
बढ़वाते गए मियाद, पर नहीं जमा कराया टैक्स
लाइसेंस निरस्त करने के फैसले से पहले ईंट भट्ठा संचालक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से समय लेते रहे। सेल्स टैक्स, प्रदूषण व माइनिंग विभाग की एनओसी व अन्य कागजी कार्यवाही के लिए बीते जुलाई महीने में भट्ठा संचालक जिला उपायुक्त से मिले थे। इसके बाद इन्हें 31 अगस्त तक की मोहलत मिल गई। खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक से मुलाकात कर फिर समय ले लिया। 15 सितंबर, 30 सितंबर और अक्तूबर माह का समय लेते रहे। अब आखिरकार विभाग ने लाइसेंस रद करने का निर्णय लिया।
बार-बार समय देने के बावजूद सेल्स टैक्स न चुकाने वाले 19 ईंट भट्ठों के लाइसेंस विभाग ने रद कर दिए हैं। अब यदि किसी भट्ठे पर काम चलता पाया गया तो विभाग उक्त भट्ठा संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएगा।
अनीता खरब, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक