चरखी दादरी के गांव पैतावास कलां में जमीनी विवाद को लेकर एक युवा किसान पर सोमवार दोपहर गोली चलाई गई। गोली किसान की जांघ में लगी। उसे घायलावस्था में दादरी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे भिवानी रेफर किया गया है। सदर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव पैंतावास कलां में दो पक्षों के बीच पिछले काफी दिनों से जमीन के बंटवारे को लेकर आपसी विवाद चला आ रहा है। सदर पुलिस थाना प्रभारी जगराम ने बताया कि यह मसला अदालत में विचाराधीन भी है। उन्होंने बताया कि युवा किसान कैलाश चरखी दादरी अदालत में पेशी पर आया था। पेशी के बाद वह अपने गांव पैतावास कलां लौट गया। गांव में पहुंचने पर गली से गुजरते समय कुछ व्यक्तियों ने उसका रास्ता रोककर उससे मारपीट की। इस दौरान जब कैलाश ने छुड़ाकर भागने का प्रयास किया तो हमलावरों में से किसी ने उस पर गोली चला दी। गोली कैलाश की जांघ में जा लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर, गोली चलने की खबर पूरे गांव में फैल गई। इसी बीच स्थिति को भांपते हुए गोली चलाने का आरोपी उसी समय फरार हो गया। घायल कैलाश को परिजन दादरी सिविल अस्पताल लेकर आए जहां उसका प्राथमिक उपचार कर भिवानी अस्पताल भेज दिया गया। इस संबंध में सदर पुलिस थाना प्रभारी जगराम ने बताया कि जमीन बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते कैलाश पर फायरिंग की गई है। उन्होंने बताया कि यह मामला इस समय अदालत में भी विचाराधीन है। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से घायल के बयान दर्ज करने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।