भिवानी में अलग-अलग मामलों में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ के सेवन से दो महिलाओं की हालत बिगड़ गई। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेाहतक रेफर कर दिया गया।
पहला मामला राजपुरा गांव का रहा। शनिवार सुबह करीब पौने सात बजे महिला सुनीता को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल की इमरजेंसी लाया गया। जहरीले पदार्थ के सेवन से महिला की हालत गंभीर थी। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। मामले में सदर थाना से जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल धर्म सिंह ने बताया कि पीजीआई में घायल के बयान लेने जाएंगे। बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दूसरा मामला कैरू चौकी क्षेत्र के गांव बिसलवास का रहा। शुक्रवार देर सायं महिला स्वाति को गंभीर हालत में इमरजेंसी लाया गया। जहां उसके शरीर से जहरीला पदार्थ निकाला गया। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। मामले में एसआई सतबीर सिंह ने बताया कि घायल के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध हालत में युवती लापता
जैन चौक चौकी क्षेत्र की एक कॉलोनी से संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवती लापता हो गई। पुलिस ने युवती की माता की शिकायत पर मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में युवती की माता ने बताया कि दो फरवरी की रात को उसकी 19 वर्षीय बेटी अचानक घर से गायब हो गई। आसपास काफी तलाश की मगर कोई सुराग नहीं लगा। मामले में जैन चौक चौकी से इंचार्ज धर्मबीर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। युवती की तलाश की जा रही है।
ग्राम सचिव से मारपीट करने वाले पर केस
रेस्ट हाउस के पास ग्रामीण सचिव का रास्ता रोक मारपीट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पर मारपीट के अलावा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि दो फरवरी को बीडीपीओ कार्यालय भिवानी ब्लॉक के ग्रामीण बिजेंद्र के साथ मारपीट की गई थी। घायल सचिव को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। मामले में टीआईटी चौकी से एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी बलकेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।