भिवानी के चरखी दादरी में गांव रावलधी व कमोद के बीच शनिवार देर रात दो गुटों में आपसी फायरिंग हुई। घटना में दोनों पक्षों के तीन युवकों को गोली लगी है। तीनों को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर किया गया है और तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीमों ने मौके-ए-वारदात से एक पिस्तौल व एक बाइक बरामद भी की है। फिलहाल किसी भी पक्ष से घायल के बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। सीएम दौरे से महज कुछ घंटे पहले हुई आपराधिक वारदात के बाद पुलिस खेमा पूर्णतया अलर्ट हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव रावलधी व कमोद के बीच शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे खेतों में दो पक्ष भिड़ गए। दोनों ही पक्षों के युवक रावलधी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। झड़प के दौरान गोलीबारी भी हुई। इसमें दोनों पक्षों के तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक जांच में पता चला है कि तीनों युवकों को पांच गोलियां लगी है। घायलों को उपचार के लिए दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से तीनों की चिंताजनक हालत को देखते प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। सीएम दौरे से ठीक पहले हुए इस कांड ने पुलिस महकमे की नींद उड़ा दी। मामले व वर्तमान माहौल की गंभीरता को समझते हुए सदर थाना प्रभारी जगराम, सीआईए थाना प्रभारी शमशेर सिंह व बौंदकलां थाना प्रभारी अपनी-अपनी टीमों सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस की करीब छह टीमों की जांच-पड़ताल के बाद मुख्यमार्ग से करीब 20 मीटर अंदर एक खेत में पिस्तौल व बाइक बरामद हुई। पिस्तौल की मैगजीन जांची तो एक जिंदा कारतूस भी इससे बरामद हुआ। इसी खेत में पुलिस को खून भी फैला हुआ मिला। रात होने के चलते पुलिस को मौके से गोलियों के खोल नहीं मिल पाए थे। पुलिस ने बाइक व पिसतौल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने जब अभी यह नहीं पता चल पाया है कि मैगजीन व बाइक किस पक्ष की थी। घटना में दोनों पक्षों से रावलधी निवासी कुलदीप, अनिल व जैकी घायल हुए हैं। एएसआई राजकुमार ने बताया कि पुलिस को घायल कुलदीप ने सिर्फ इतना बताया कि है वह भिवानी से आ रहा था। रास्ते में उसकी बाइक को रुकवा लिया गया और इसके बाद ही झड़प हुई। एएसआई राजकुमार ने बताया कि फिलहाल वारदात को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच में लगी हुई है और घायलों के बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
घटना में तीन युवकों को गोली लगी है। कुलदीप के हाथ व पांव में, अनिल के पेट में दो व जैकी के हाथ में गोली लगी है। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही सारी स्थिति पुलिस स्पष्ट कर देगी।
एएसआई राजकुमार, जांच अधिकारी सदर थाना