भिवानी के बहल में असंध-सुधीवास राज्य मार्ग पर सुधीवास गांव के समीप बने टोल प्लाजा नंबर 20 पर रात को अज्ञात युवकों ने जमकर तांडव मचाया। युवकों ने टोल प्लाजा के कैशियर को चोट मार कर घायल कर दिया तथा टोल में तोड़फोड़ करते हुए आगजनी की। उत्पाती युवक टोल से करीब 20 हजार रुपये की नगदी भी ले गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया तथा घटना की जानकारी ली। घायल कैशियर सुरेन्द्र शर्मा को भिवानी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस में दी शिकायत के अनुसार, टोल प्लाजा मालिक राजेश ने बताया कि सोमवार की रात को करीब दस बजे टोल पर दो गाड़ियों में सवार होकर 16-17 युवा पहुंचे। युवाओं ने टोल पर कार्यरत कारिंदों से कहा कि जब उनका समय पूरा हो गया है तो वे यहां किस लिए टोल ले रहे हो। इस पर कारिंदों ने बताया कि उनका समय 16 जुलाई को पूरा होगा, तब वे यहां से चले जाएंगे। पर, आरोपी युवाओं ने कारिंदों से झगड़ा करना शुरू कर दिया तथा कैशियर सुरेन्द्र शर्मा को चोट मार कर घायल कर दिया। बाद में ग्रामीणों के आने के बाद आरोपी भाग गए। करीब डेढ घंटा बाद आरोपी फिर आए तथा टोल के शीशों पर पत्थर मारकर तोड़ डाला। इसके अलावा आरोपियों ने टोल के कमरे में आग लगा दी जिससे टोल में रखी पर्चियां तथा अन्य सामान जलकर राख हो गया। बकौल राजेश, आरोपी गल्ले में रखी 15-20 हजार रुपये की नगदी भी ले गए। इसके अलावा कैशियर के गले की चैन भी गायब मिली है। टोल प्लाजा मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की तथा भिवानी में उपचाराधीन घायल कैशियर के बयान दर्ज किए। पुलिस थाना प्रभारी उदमीराम ने बताया कि पुलिस आगजनी तथा तोड़फोड़ के मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।