भिवानी के उमरावत गांव में छुट्टी आए एक फौजी ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या कर आरोपी फौजी फरार हो गया। मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है।
मामला बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे का है। उमरावत गांव में करीब 29 वर्षीय महिला कुसुम को संदिग्ध परिस्थितियों में छाती के बाई ओर गोली लगी। गोली लगने के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतका का पति फौजी ओमबीर सिंह घर से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज पर पड़ोसी व आसपास के लोग उनके घर पहुंचे तो महिला घर में मृत पड़ी थी। घर में ही उसके दो बच्चे मौजूद थे। इसकी सूचना पड़ोसियों ने मृतका के परिजनों को दी गई।
सूचना पर मृतका के परिजन झज्जर जिले के गांव सैरिया से भिवानी पहुंचे। सायं के समय सूचना पर सदर थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। शव देर शाम लाए जाने के बाद अब शुक्रवार को पोस्टमार्टम होगा। मृतका की मां मूर्ति देवी ने बेटी के पति फौजी ओमबीर पर ही गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मृतका की माता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
रात को झगड़ा, सुबह मौत
महिला की हत्या की गई है या उसने स्वयं को गोली मारी है, इस पर संशय बना हुआ है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही इसका खुलासा होगा। चर्चाएं हैं कि रात को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर काफी झगड़ा हुआ। हाथापाई भी हुई। सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से गोली चलने की आवाज आई। आरोपी फौजी 12 दिन पहले ही 20 दिन की छुट्टी पर घर आया था और उसके दो लड़के एक पांच वर्षीय और एक नौ वर्षीय है। उसकी शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी।
हत्या या आत्महत्या, संशय बरकरार
महिला की हत्या की गई है या उसने स्वयं को गोली मारी है इस पर संशय बरकरार है। गांव के सरपंच दिनेश ने बताया कि फौजी शराब पीता था और बृहस्पतिवार सुबह भी शराब पीने की तैयारी कर रहा था। इसी बात पर दोनों पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। झगड़े के बाद महिला ने स्वयं को गोली मार ली। घटना के समय फौजी का नौ वर्षीय लड़का भी घर में मौजूद था, जिसने इसकी सूचना अपने दादा को दी। पुलिस के समक्ष भी बच्चों ने यह सब जानकारी दी है।
महिला को छाती पर दाई साइड में गोली लगी है। मृतका की माता कुसुम के बयान पर मृतका के पति ओमबीर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस को सायं साढ़े पांच बजे ही घटना की सूचना दी गई है।
रामकिशन, कार्यकारी एसएचओ, सदर थाना