भिवानी के गांव झोझू कलां बस स्टैंड पर तीन बाइक सवार युवकों ने दुकान मालिक पर फायर कर दिया। जानलेवा हमले में दुकानदार बाल-बाल बच गया। इसके बाद हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। आदमपुर पुलिस ने इस संबंध में तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। देर शाम तक छापेमारी के बाद भी पुलिस आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई थी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर गांव झोझू कलां बस स्टैंड के समीप तीन बाइक सवार बदमाशों ने एक दुकान के बाहर खड़े होकर फायर किए। घटना के समय दुकान में दुकानदार भी मौजूद था। बताया जाता है कि युवकों ने दो हवाई फायर किए तथा उक्त दुकानदार को जान से मारने की धमकी भी दी। हवाई फायर होने पर आसपास दहशत फैल गई। काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे लेकिन इससे पहले आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना आदमपुर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर घटना का जायजा लिया। नाकेबंदी की गई लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई बंसीधर ने बताया कि बदमाश नरेश मोबाइल की दुकान पर आए थे। उन्होंने दुकान के बाहर खड़े होकर हवाई फायर किए तथा दुकानदार नरेश को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी है लेकिन कोई सुराग नहीं लगा है। आरोपियों की संख्या तीन है। दो आरोपियों जितेंद्र उर्फ काला व मिंटू को नामजद कर लिया है।