भिवानी में जनस्वास्थ्य विभाग के पाइप गायब होने का खुलासा हो गया है। पाइप दो चोर मिलकर चोरी करते थे। एक चोर एंटी व्हीकल थेफ्ट पुलिस के हत्थे चढ़ गया है और उसके कब्जे से 10 पाइप भी बरामद किए है। पुलिस उसके दूसरे साथी की तलाश में जुट गई है। जांच में खुलासा हुआ कि चोर प्रति पाइप को 15 सौ से दो हजार में बेच देते थे। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में जुटी है और उसके साथी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जनस्वास्थ्य विभाग की विभिन्न साइटों पर चल रहे लाइन बिछाने के कार्य के दौरान लगातार पाइप गायब हो रहे थे। एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक चोर को काबू किया। टीम ने सूचना के आधार पर वैश्य कॉलेज के सामने तोशाम ओवरब्रिज की ओर जाने वाले मार्ग से एक व्यक्ति को काबू किया। उसे गिरफ्तार कर गहनता से पूछताछ की गई तो उसने चोरी की वारदात कबूली। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान बामला वासी पवन के रूप में हुई। वह फिलहाल ब्रह कॉलोनी में रह रहा है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वह अपने साथी सुनील के साथ मिलकर पाइप चोरी करता था। पवन ने बताया कि गत 18 व 19 जुलाई 2016 की रात को बहल थाना के अंतर्गत आने वाले गांव सिरसी में पब्लिक हेल्थ विभाग के लाइन बिछाने के कार्य के दौरान वहां से करीबन 36 पाइप चोरी कर लिए थे। पुलिस ने पवन की निशानदेही पर उसके घर से करीबन 10 चोरी किए पाइप बरामद कर लिए हैं वहीं बाकी पाइपों की बरामदगी के लिए पुलिस अब उसके साथी सुनील की तलाश में जुटी है।