भिवानी के गांव केलंगा में युवक बिन्नू की हत्या मामले में पुलिस ने उसके बचपन से ही साथी रहे सात युवकों पर मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों का कहना है कि बचपन से साथ रहे और इनके कारण ही उनका लड़का नशे में पड़ा। अब नशे के चक्कर में हत्या की गई है। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में दिनभर छापेमारी करती रही। कुछ संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
केलंगा गांव के खेतों में बुधवार सुबह करीब 30 वर्षीय युवक बिन्नू का शव खेत में मिला था। शरीर पर चोट के निशान थे तो पास में शराब की बोतल व लोहे की रॉड पड़ी थी। पुलिस ने परिजनों के बयान पर उसके सात साथियों पर ही हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में मृतक के भाई सोमपाल ने बताया कि हत्यारे पड़ोस के ही युवक है। बचपन से ही साथ है। इन्हीं युवकों के कारण बिन्नू को शराब के नशे की लत लगी और अब इसी नशे के कारण उसके भाई की हत्या की गई है। परिजनों ने बताया कि घर से बुलाकर खेतों मे लेकर गए है और फिर हत्या की गई है। पुलिस ने सोमपाल के बयान पर सात लोगों नवीन, विक्की, अनिल, मोनू, मंजू, बाजा, संदीप टीना के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव और उनकी रिश्तेदारी में छापेमारी भी की। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया।
मामले में एसएचओ सदर थाना नरेंद्रपाल ने बताया कि युवक बिन्नू की मौत मामले में हत्या का मामला दर्ज किया जा चुका है। पुलिस जांच में जुटी है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।