भिवानी में चोरों ने रात को अंबेडकर कॉलोनी वासी पेंटर के मकान को अपना निशाना बनाया। चोर ताले खोल करीब एक लाख के आभूषण, एलईडी और अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी की सूचना पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है।
मामला रविवार रात का है। अंबेडकर कॉलोनी में राजेश डाबला नामक व्यक्ति के मकान में बृजलाल पेंटर का परिवार किराये पर रहता है। रविवार शाम बृजलाल अपने बच्चों के साथ इसी कॉलोनी में रहने वाले अपने भाई के घर चला गया। रात को लेट होने के कारण वहीं सो गया। सुबह अपने घर आया तो मुख्य गेट और अंदर कमरे पर लगाया गया ताला गायब था। अंदर जाकर देखा तो घरेलू सामान बिखरा हुआ था और अधिकतर गायब था। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर जैन चौक चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। बृजलाल ने बताया कि चोर अलमारी से कुछ गहने जिसमें पाजेब, ताबिजी आदि, एलईडी, कपड़े, बर्तन व अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी सामान की कीमत करीब एक लाख रुपये है। चोरों ने ताले तोड़े नहीं खोले है और ताले भी गायब है। मामले में जैन चौक चौकी से एसआई सतपाल सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना पर मौके का मुआयना किया था। जांच की जा रही है।