भिवानी शहर के साथ लगते एक गांव में भैंस बांधने के बहाने एक बच्चे के साथ कुकर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित के बयानों पर कार्रवाई कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित के परिजनों ने बताया कि एक अगस्त को पड़ोस में रहने वाला एक युवक 13 वर्षीय बच्चे को अपने साथ भैंस बांधने के बहाने ले गया और उसके साथ कुकर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि बच्चे ने युवक के डर से यह बात किसी को नहीं बताई। शुक्रवार को बच्चे को पीड़ा होने पर यह बात परिजनों को पता चली। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की व बच्चे को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। मामले के जांच अधिकारी एएसआई रामकिशन ने बताया कि आरोपी युवक अमित के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 व 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।