हरियाणा के भिवानी में लाइनपार ग्वार फैक्टरी क्षेत्र में मंगलवार रात जिम ट्रेनर की अपहरण कर हत्या कर दी थी। इसी मामले में गुरुवार शाम को मृतक के परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शहर के घंटाघर चौक पर शव रखकर जाम लगा दिया।
एसपी अजीत सिंह शेखावत ने परिजनों को बताया कि मुख्य आरोपी हरीश और उसके तीन साथियों नवीन, डीसी, गंजा उर्फ बच्ची को को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही है। इसके बाद परिजनों ने रात 9:15 बजे शव को उठाया। करीब पांच घंटे बाद परिजनों ने शव उठाया।
परजिनों ने गुरुवार शाम शाम सवा चार बजे जाम लगा दिया था। इसके बाद मुख्य आरोपी हरीश सहित अन्य की गिरफ्तारी के लिए परिजन मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और लिखकर दिया कि जांच निष्पक्ष होगी और सभी आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।
इसके बावजूद एसपी को मौके पर बुलाने के लिए अड़े हुए थे। बाद में करीब 8:30 बजे एसपी ने परिजनों को मिलने के लिए बुलाया और उन्हें बताया कि मुख्य आरोपी हरीश सहित तीन अन्य को गिरफ्तार किया है तब परिजन माने। एसपी ने मृतक रवि के परिजनों को सुरक्षा का भी आश्वासन दिया।
बता दें कि मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे दुर्गा कॉलोनी निवासी रवि खाना खाने के बाद घर से बाहर टहलने के लिए गया था। इस दौरान वहां एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर बैठ गया। वहां पर उसका साथी सौरव भी मौजूद था। सौरव ने बताया कि इसी दौरान वहां तीन गाड़ियों में 20 से 25 युवक आए। उनमें एक युवक हरीश उर्फ हरिया था और बाकी सभी ने कपड़े से अपने चेहरे ढके हुए थे।
वहां आते ही उन्होंने तोड़फोड़ शुरू कर दी। वहां मौजूद रवि पर हमला कर दिया। आरोपियेें ने डंडों, चाकू, बर्फ तोड़ने वाले सूए और हुक्के की टंकी के साथ रवि पर हमला शुरू कर दिया। बीचबचाव करने पर सौरव की भी धुनाई कर डाली। आरोपी रवि का अपहरण कर अपने साथ ले गए।
उसके बाद गांव लोहानी के समीप बेसुध हालत में फेंककर आरोपी फरार हो गए। पता चलने पर उसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई ले जाया गया, जहां देर रात उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने हरीश उर्फ हरिया व 10-12 अन्य के खिलाफ हत्या एवं अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया हुआ है।
सब इंस्पेक्टर पर आरोप
रवि के परिजनों का आरोप था कि पुलिस हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी हरीश का रिश्तेदार हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है और उसकी पोस्टिंग शहर में ही है। पुलिस उसके प्रभाव में है और कार्रवाई नहीं कर रही है। इसी को लेकर उन्होंने जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही डीएसपी वीरेंद्र सिंह, सिटी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार, सीआईडी इंचार्ज सुनील कुमार और दिनोद गेट चौकी इंचार्ज प्रवीन सैनी मौजूद रहे।
मां बोली, बड़ी मन्नतों से शादी के 20 साल बाद पैदा हुआ था रवि
घंटाघर चौक पर जाम के दौरान रवि की मां ओमपति और बहन शशिकला के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। विलाप करते हुए ओमपति ने बताया कि रवि उनका इकलौता बेटा था। शादी के 20 साल बाद बड़ी मन्नतों से वह पैदा हुआ था। मगर दुष्टों ने उनके घर का चिराग बुझा दिया।
मेरा बेटा शेर था, धोखे से मारा
रवि के पिता अतर सिंह धनखड़ ने भी कहा कि उसके बेटे की लंबाई छह फुट थी और 90 किलो वजन था। वह बहादुर था, दूसरों को जिम की ट्रेनिंग देता था। अकेले उससे लड़ने की किसी में हिम्मत नहीं थी। इसलिए धोखे से सभी ने इकट्ठा होकर रवि को मार डाला। उन्होंने कहा कि पहले क्या रंजिश थी मैं नहीं जानता। बस हत्यारे सलाखों के पीछे होने चाहिए।
सौरव ने बताया, पुरानी रंजिश में की हत्या
रवि के दोस्त सौरव ने बताया कि साल 2013-14 में आरोपी पक्ष का झगड़ा हुआ था। तब विवाद कई बार हुआ था, मगर बाद में राजीनाम हो गया था और मामला खत्म हो गया था। अब उसी मामले में आरोपियों ने रंजिश रखते हुए रवि की हत्या की है।
चार आरोपी काबू
मुख्य आरोपी हरीश उर्फ हरिया और उसके साथी नवीन, डीसी, गंजा उर्फ बच्ची को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। मृतक के परिजनों की सुरक्षा के लिए पुलिस टीम तैनात कर दी जाएगी। - अजीत सिंह शेखावत, एसपी, भिवानी।