अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। देर रात करीब दो बजे ढिग़ावा गांव के पास संतुलन बिगड़ने से स्कॉर्पियो गाड़ी खेतों में पलट गई। हादसे में एक व्यवसायी की मौत हो गई जबकि उसके तीन अन्य साथी घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।
लोहारू में कटारिया टायर हाउस के संचालक और कटारिया रेस्टोरेंट के मालिक नवीन कटारिया (24) सोमवार को अपने छोटे भाई यश को दिल्ली छोड़ने गया था। यश दिल्ली से बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है। गाड़ी में नवीन के साथ उसके तीन दोस्त सीताराम, सुनील और भवानी भी थे। वापसी में रात करीब दो भिवानी-लोहारू मार्ग पर गांव ढिगावा के नजदीक अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी पलटकर खेतों में जा गिरी। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना एंबुलेंस और पुलिस कंट्रोल रूम में दी। इसके बाद सभी को लोहारू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सक ने नवीन को मृत घोषित कर दिया जबकि उसके तीनों साथियों को प्राथमिक उपचार के बाद भिवानी जिला अस्पताल में रेफर कर दिया।
जानकारी अनुसार नवीन का दोस्त सुनील गाड़ी चला रहा था और अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। रीढ़ की हड्डी में चोट है जबकि सुनील के सिर में चोटें आई हैं। पुलिस ने ललित के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। ललित ने बताया कि वे नवीन के भाई यश को छोड़ने और टायर दुकान के लिए सामान खरीदने गए थे और वापसी में यह हादसा हो गया। नवीन अविवाहित था। वहीं इस घटना के समाचार के बाद लोहारू में शोक की लहर दौड़ गई और गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
लोहारू थाने से जांच अधिकारी बिजेंद्र कुमार ने बताया कि देर रात दो बजे उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिली। हादसे में नवीन की मौत हो गई जबकि तीन अन्य को चोट आई है। मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।