भिवानी। चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी समेत नौ कॉलेजों में 64 सीआर निर्विरोध चुने गए। सोमवार को नाम वापसी के दिन 13 ने नामांकन वापस लिए। अब 17 अक्तूबर को 217 उम्मीदवारों के बीच चुनाव होगा। सोमवार को फाइनल उम्मीदवारों की लिस्ट चस्पा दी गई।
प्रदेश सरकार के निर्देश पर प्रदेशभर की यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव हो रहे है। भिवानी जिले में भी चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी और सभी कॉलेजों में चुनावी प्रक्रिया जोरों पर है। सोमवार को नाम वापसी का दिन रहा और विभिन्न कॉलेजों में 13 विद्यार्थियों ने नाम वापस लिए। जिसके बाद करीब 64 उम्मीदवार ऐसे थे, जिन्होंने अपनी कक्षाओं में अकेले ही आवेदन किया था और उनका आवेदन फार्म भी सही था। ऐसे में उन सबको सीआर चुन लिया गया है।
चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी में तीन ने नाम वापस लिया। अब यहां 10 कक्षाओं के लिए 37 उम्मीदवार मैदान में है। तीन निर्विरोध चुन गए। आदर्श महिला महाविद्यालय में 15 सीआर निर्विरोध चुने गए। एक ने नाम वापस ले लिया और 13 सीआर पद के लिए 28 में मुकाबला होगा। गवर्नमेंट कॉलेज में 14 सीआर निर्विरोध बने। अब 15 सीआर पद के लिए 51 के बीच मुकाबला होगा। वैश्य कॉलेज में 16 सीआर निर्विरोध चुने गए और आठ कक्षाओं के सीआर पद के लिए 26 में मुकाबला होगा। यहां नौ कक्षाओं में सीआर के लिए कोई नामांकन नहीं आया और तीन कक्षाओं में कोई योग्य सीआर नहीं मिला।
तोशाम में चौ. बंसीलाल राजकीय महिला महाविद्यालय तोशाम में 14 में से छह कक्षा प्रतिनिधि निर्विरोध चुने गए और नौ कक्षाओं के लिए 19 सीआर उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। वहीं, बनवारी लाल जिंदल सूईवाला महाविद्यालय में किसी ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। पांच प्रत्याशी ही मैदान में शेष हैं, जबकि रविवार को 26 आवेदनों में 21 के रद्द हो गए थे।
बहल में सोमवार को नाम वापसी के दिन जीडीसी कॉलेज में 23 प्रत्याशियों ने नाम वापस लेकर 19 सीआर निर्विरोध निर्वाचित कर लिए। वहीं, महिला कॉलेज में किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। महिला कॉलेज में अब बीए तथा बीकॉम के छह सीआर के लिए 9 प्रत्याशी मैदान में बचे है। जीडीसी कॉलेज में तीन पदों पर किसी प्रत्याशी की योग्यता पूरी नहीं पाई गई।
लोहारु के चौ बंसीलाल राजकीय महाविद्यालय में छात्र संघ चुनावों के कालेज के 20 कक्षा प्रतिनिधियों के नामांकन की छंटनी के बाद अब 32 उम्मीदवार सीआर पद के लिए मैदान में डटे हुए हैं। 18 में से 10 कक्षाओं के सीआर निर्वारोध चुने जा चुके है।
सोमवार को विभिन्न छात्र संगठनों ने अप्रत्यक्ष चुनाव के विरोध में प्रदर्शन किया और हांसी गेट चौक पर सरकार का पुतला जलाकर रोष जताया। साथ ही चेतावनी दी कि वे 17 को चुनाव नहीं होने देंगे। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा के नेतृत्व में सोमवार को विभिन्न छात्र संगठनों के नेता हांसी गेट पर प्रदर्शन करने पहुंचे और यहां पर सरकार का पुतला जला कर रोष जताया। इस मौके पर एनएसयूआई प्रदेश सचिव राकेश शर्मा, इनसो से मनदीप सुई, विवेक बुल्ला, गौरव तंवर, सेठी धनाना, अर्जुन, एसएफआईए राहुल, सोनू बामला, आशु लोहानी, जीतू गुज्जर, मनदीप घणघस, प्रवीण यादव आदि उपस्थित थे।