नगर परिषद ने बावड़ी गेट पर गिराया अवैध निर्माण
भिवानी : शहर में अवैध कब्जे व अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार शाम को नगर परिषद दस्ते ने बावड़ी गेट पर पहुंचकर अवैध निर्माण गिरवाए। वहां अवैध रूप से खड़े किए जा रहे भवन का निर्माण कार्य तक रुकवा दिया। पहले तो अवैध निर्माण करने वाले व्यक्ति नप की एक सुनने को तैयार नही हुए, लेकिन नप अधिकारियों ने कड़े तेवर दिखाते हुए दीवार गिरानी शुरू की तो वह खुद भी दीवार हटाने के लिए तैयार हो गए।
नगर परिषद के भवन निरीक्षक राकेश श्योराण के नेतृत्व में नप कर्मचारियों का दस्ता शनिवार शाम को बावड़ी गेट पर पहुंचा। वहां पर किए जा रहे अवैध निर्माण को रुकवाया। नप दस्ते का विरोध किया तो नप अधिकारियों ने भी कड़े तेवर दिखाते हुए कर्मचारियों को अवैध निर्माण को उठाने में लगा दिया। जिसके बाद अवैध निर्माण करने वाले व्यक्ति भी खुद ही अवैध निर्माण गिराने को तैयार हो गए।