अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। फ्रेंडस कॉलोनी के एक मकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास करने के मामले में महिला अधिवक्ता की शिकायत पर एक नामजद सहित चार अन्य युवकों पर केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में एडवोकेट मुकेश चौहान ने बताया कि फ्रेंडस कॉलोनी में उसकी सास रामवती के नाम पर एक मकान ले रखा है। जिसके अंदर परिवार सहित रहती हैं। फिलहाल मकान के अंदर रंग रोगन का काम चल रहा है, इसलिए उन्होंने पुराने मकान सेक्टर 26 में रात को सोने चले जाते हैं, जबकि दिन के समय उसका पति और वो अक्सर मजदूरों के कामकाज को देखने आते रहते हैं। उन्होंने बताया कि 2 मार्च की देर रात को उसके पास पड़ोसी का फोन आया कि उनके मकान में कुछ लोग घुसकर ताला तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस सूचना पर वे रात को ही अपने पति दीपक सिंह चौहान व ससुर रामपाल सिंह चौहान के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने पुलिस को सौ नम्बर पर सूचना दी, जिसके बाद दो पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मौके का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि उनके मकान के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिसके अंदर देवेन्द्र नामक युवक व उसके अन्य चार साथी उनके मकान की बिजली काटने का प्रयास करते हुए अंदर घुसे और फिर ताला तोड़कर चोरी का प्रयास करने लगे। बताया कि देवेन्द्र पहले भी उनके मकान में चोरी की नियत से घुस चुका है, जिसके खिलाफ 9 दिसम्बर 2017 को भी केस दर्ज किया गयाथा। जो मामला अभी भी विचाराधीन चल रहा है। सिटी पुलिस ने इस मामले में महिला अधिवक्ता की शिकायत पर देवेन्द्र व उसके चार अन्य साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।